देशभक्ति के रंग में रंगा तरनतारन, गूंजे गिद्दा-भांगड़ा

August 15, 2026

देशभक्ति के रंग में रंगा तरनतारन, गूंजे गिद्दा-भांगड़ा

Spirit of Patriotism Seen in Tarn Taran : अमृतसर। तरनतारन में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, धूमधाम और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्थानीय पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान, पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण करने के बाद शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल और एसएसपी सुरेंद्र लांबा भी उनके साथ थे। खादूर साहिब के विधायक मंजिंदर सिंह लालपुरा, खेमकरण के विधायक सरवन सिंह धुन और डिप्टी स्पीकर के परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से समारोह में शामिल हुए। परेड कमांडर डी.एस.पी. प्रवेश कुमार के नेतृत्व में पंजाब पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस गर्ल गाइड्स ने शानदार मार्च पास्ट किया, जबकि पुलिस और स्कूल बैंड ने कार्यक्रम में संगीत का रंग भरा। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपने पी.टी. शो, शबद गायन, समूह गान और देशभक्ति से जुड़े शानदार कार्यक्रमों से सबका मन मोह लिया।

गिद्दा और भांगड़ा की धूम ने कार्यक्रम को चरम पर पहुंचा दिया। छात्रों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान देशभक्ति का जज्बा देखते ही बनता था, जिसकी जोरदार तालियों के साथ सराहना की गई। डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने इस अवसर पर कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जन देव जी की पावन नगरी ‘गुरु की नगरी’ तरनतारन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने का मौका मिला। उन्होंने जिले के निवासियों और दुनिया के हर कोने में रहने वाले पंजाबियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

इस दौरान, उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार की रचनात्मक नीतियों, जन-कल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और राज्य की बेहतरी के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से पंजाब सरकार द्वारा शहीदों को दिए गए विशेष सम्मान, अनोखी खेल नीति, युवाओं के लिए रोज़गार, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना, नशों के खिलाफ़ जंग, शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब के उज्ज्वल भविष्य, मुफ़्त बिजली, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना और माँ-बेटी सम्मान योजना का ज़िक्र किया। इसी तरह, उन्होंने तरनतारन ज़िले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी।