होर्मुज में फैल रहा 'काला जहर'... टैंकर हमलों से अरब में होगा महाविनाश?

होर्मुज में तेल का रिसाव बना खतराImage Credit source: Getty Images

होर्मुज में तेल का रिसाव जारी है और समुद्र में तेजी से फैल रहा है. ईरान के केश्म द्वीप और सिरी द्वीप के तटों तक तेल वाला पानी पहुंच चुका है. रिपोर्ट्स कहती हैं कि ईरान के पास 300 वर्ग किलोमीटर तक क्षेत्र में तेल फैला हुआ है. अनुमान के मुताबिक होर्मुज में 3 लाख 80 हजार लीटर तेल पानी में बह चुका है और होर्मुज में तेल का ये रिसाव जहाजों पर लगातार हमले की वजह से हुआ है. सिर्फ ईरान ही नहीं बल्कि ओमान के तटों पर भी समुद्र में फैला तेल नजर आ रहा है. यहां 390 वर्ग किलोमीटर के समुद्र में तेल फैला है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, होर्मुज में करीब 2000 वर्ग किलोमीटर का इलाका तेल फैलने से प्रभावित है और ओमान में तेल का रिसाव समुद्री जीवों के लिए बड़ा खतरा बन गया है. कहा जा रहा है कि होर्मुज में तो अब जहाज चलाना भी मुश्किल हो सकता है. फिलहाल होर्मुज में दो तेल टैंकर से रिसाव हो रहा है. दरअसल, ईरान ने मिनोअन पायनियर और कैरोलीन बेजेंगी नाम के टैंकर को निशाना बनाया था, जिसके बाद 3 अगस्त से समुद्र में तेल रिसाव हो रहा है. इन दोनों टैंकर पर ओमान के करीब हमला हुआ था, लेकिन लहरों के साथ तेल ईरान पहुंच गया. ऐसे में तेल ओमान से लेकर ईरान तक फैल चुका है.

तेल रिसाव के बाद समुद्र में जहाजों का चलना मुश्किल

ईरान ने तेल टैंकर पर हमलों के बाद सोचा भी नहीं था कि उसके द्वीप और तट भी समुद्र में तेल रिसाव की वजह से घिर सकते हैं. ऐसे में वो खुद ही फंस गया है. अब कहा जा रहा है कि ईरान के लिए शैडो फ्लीट से तेल बेचना भी मुश्किल होगा, क्योंकि तेल रिसाव के बाद जहाज समुद्र में नहीं चल सकते. दरअसल, इंजन की चिंगारी से जहाज में आग लगने का खतरा रहता है और कूलिंग के लिए पानी खींचने से इंजन तेल से खराब भी हो जाते हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेल का बहना जारी है और स्थिति गंभीर होती जा रही है लेकिन ओमान के अलावा कोई भी देश या एजेंसी ने रिसाव रोकने या समुद्र को साफ करने का मिशन शुरू नहीं किया है. असल में अमेरिका ने ईरान की नौसैनिक नाकेबंदी की हुई है. इसके अलावा ड्रोन हमलों के डर से कोई भी अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण एजेंसी या क्लीन-अप क्रू समुद्र में उतरकर तेल को साफ करने का जोखिम नहीं उठा पा रहा है.

UAE के तेल टैंकरों से भी रिसाव का खतरा

वहीं, UAE के तेल टैंकरों को भी निशाना बनाया गया है. हालांकि इन तेल टैंकरों को कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि UAE के टैंकरों से रिसाव हुआ तो स्थिति और भयावह हो जाएगी.

उधर, होर्मुज में खतरा और बढ़ गया है, क्योंकि ईरान ने अब अपने अंडरवाटर ड्रोन से हमलों की शुरुआत की है. ईरान के पास अजदार नाम का पानी में चलने वाला ड्रोन है. ये ड्रोन 200 किलो के विस्फोटक से हमला करता है और 600 किलोमीटर दूर तक हमला कर सकता है. ईरान ने कुछ दिन पहले ही इस अंडरवाटर ड्रोन से हमले की शुरुआत की है.

सभी शर्तें पूरी होने तक बंद रहेगा होर्मुज

होर्मुज में तनाव के बीच तेल रिसाव का खतरा और बढ़ता जा रहा है, क्योंकि ईरान ने साफ कर दिया है कि सभी शर्तें पूरी होने तक होर्मुज को बंद रखा जाएगा. ऐसे में रडार बंद करके होर्मुज से निकलने की कोशिश करने वाले तेल टैंकर पर हमले हो सकते हैं और समुद्र के पानी में तेल फैलने की मात्रा और बढ़ सकती है.

कहा जा रहा है कि नाकेबंदी की वजह से ईरान का तेल व्यापार ठप है. चूंकि ईरान के पास तेल स्टॉक करने की क्षमता सीमित है और स्टोरेज कैपिसिटी खत्म होने के बाद तो ईरान को मजबूरी में अपना तेल समुद्र में बहाना पड़ सकता है, ऐसे में समुद्र में तेल की मात्रा और बढ़ जाएगी. अब तक होर्मुज से माइंस हटाना ही एक चुनौती थी, लेकिन किसी तरह का समझौता हुआ तो होर्मुज से तेल की सफाई करनी होगी, जिसमें लंबा वक्त लग सकता है.

ब्यूरो रिपोर्ट, टीवी9 भारतवर्ष

ये भी पढ़ें: ईरान युद्ध से अमेरिका के कितने बड़े अधिकारियों की नौकरी चली गई?

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर सीनियर सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां ट्रेंडिंग डेस्क पर काम करते हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 8 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़ा. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है

Read More

google button