हरियाणा में खनौरी बॉर्डर सील, किसानों का लगा जमावड़ा, मुख्यमंत्री से बात करने से किया इनकार

हरियाणा पंजाब बॉर्डर सील.

पंजाब से पैदल मार्च लेकर चले संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के 51 किसान नेताओं और उनके साथ सहयोग के लिए आ रहे करीब 150 से 200 किसानों और उनके वाहनों को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने की अनुमति नहीं दी है. वहीं हरियाणा सरकार की और से जींद प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई किसानों की बैठक विफल रही.

किसानों को हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक करवाने का ऑफर दिया था. लेकिन किसानों ने कहा कि उनका पैदल मार्च भारत-अमेरिका ट्रेड डील के मुद्दे पर है और ये मामला केंद्र सरकार से जुड़ा है. ऐसे में अगर किसी केंद्रीय मंत्री से बात करवाई जा सकती है तो किसान नेता बातचीत के लिए तैयार हैं.

पंजाब की सीमा पर ही बैठ गए किसान

लेकिन ऐसा ना होने पर किसान खन्नोरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर पंजाब की सीमा पर ही बैठ गए हैं और वहीं रात गुजारेंगे. किसानों का कहना है कि सोमवार (आज) को इस मामले को लेकर किसान नेता बैठक करेंगे और उसके बाद आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा. फिलहाल कोई टकराव की स्थिति नहीं है और किसान शांतिपूर्ण हरियाणा-पंजाब सीमा पर पंजाब वाली साइड पर बैठे हुए हैं.

किसान बचाओ पदयात्रा का आह्वान

दरअसल संयुक्त किसान मोर्चा ने हरियाणा-पंजाब सीमा पर स्थित दाता सिंह वाला गांव से दिल्ली के जंतर-मंतर तक 228 किलोमीटर लंबी किसान बचाओ पदयात्रा का आह्वान किया है. यह पदयात्रा 29 अगस्त को दिल्ली में किसान पंचायत के साथ खत्म होगी.

बातचीत के तीन दौर बेनतीजा

यह पदयात्रा प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर निकाली जा रही है. पैदल मार्च की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों और हरियाणा सरकार के अधिकारियों के बीच बातचीत के तीन दौर बेनतीजा रहे.

एसकेएम (गैर-राजनीतिक) नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने अधिकारियों के हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात के प्रस्ताव को ठुकरा दिया और अपने मुख्य मुद्दे – प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौता – पर चर्चा के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात का समय तय करने पर जोर दिया.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button