Gumla Road Accident: झारखंड के गुमला जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई. हादसा बसिया थाना क्षेत्र के कोनबीर-तेतरा अम्बाटोली के पास हुआ, जहां बाइक और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क किनारे खेत में जा गिरे. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया. मृतकों की पहचान भागीडेरा निवासी टिंकू सिंह, सरईडीह गांव निवासी सिमसोन कीड़ो और गुड़ाम नवाटोली निवासी दीपक कच्छप के रूप में हुई है. तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और घटना के वक्त एक ही बाइक पर सवार होकर कोनबीर की ओर जा रहे थे.

जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक बाइक से सफर कर रहे थे. इसी दौरान तेतरा गांव के समीप एक तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बाइक की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क से दूर खेत में जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की. दुर्घटना में सिमसोन कीड़ो और दीपक कच्छप की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, टिंकू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.

ट्रक बाइक की सीधी भिड़ंत

स्थानीय लोगों की मदद से टिंकू सिंह को तत्काल रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. इसके बाद टिंकू को रांची स्थित RIMS ले जाया गया. हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में तीनों दोस्तों की जान चली गई. घटना की सूचना मिलने के बाद बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

तीन दोस्तों की मौत

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना बाइक के अनियंत्रित होने की वजह से हुई या ट्रक की गति और चालक की लापरवाही भी इसमें शामिल थी. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है. एक साथ तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. गांवों में भी शोक का माहौल है. तीनों दोस्तों का एक साथ इस तरह दुनिया से चले जाना स्थानीय लोगों के लिए बेहद दुखद घटना बन गई है.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button