'स्पाइडर मैन' बनी सबसे बड़ी हॉलीवुड फिल्म, 'एंडगेम' और 'अवतार' का भी टूटा रिकॉर्ड

Aug 18, 2026 03:58 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Spider Man Brand New Day: मार्वल मूवी एवेंजर्स एंडगेम को अभी तक हम सभी मार्वल की सबसे बड़ी मूवी समझते थे, लेकिन भारत में अब यह रिकॉर्ड बदल चुका है। अब मार्वल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे है।

Spider Man Brand New Day

स्पाइडर मैन - ब्रांड न्यू डे अभी तक 550 करोड़ कमा चुकी है और गिनती अभी जारी है।

हॉलीवुड फिल्म 'स्पाइडर मैन - ब्रांड न्यू डे' का जादू भारत में दर्शकों के सिर चढ़कर बोला है। मार्वल कॉमिक यूनिवर्स के हर सुपरहीरो की भारत में फैन फॉलोइंग है, लेकिन स्पाइडर मैन लगभग हर एज ग्रुप की ऑडियंस को खुद से जोड़ पाया है। शायद यही वजह है कि टॉम हॉलैंड स्टारर यह मूवी भारत में हॉलीवुड की अभी तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। जी हां, इसने मार्वल की ऐतिहासिक फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम' का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तो चलिए जानते हैं क्या हैं आंकड़े और कितनी हो चुकी है इसकी अभी तक की कुल कमाई।

तीसरे वीकेंड में छाप डाले इतने

सोनी इंडिया ने साफ किया है कि भारतीय सिनेमाघरों में 31 जुलाई को रिलीज हुई 'स्पाइडर मैन - ब्रांड न्यू डे' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 550 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर यह अभी तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है। रिलीज के बाद 'स्पाइडर मैन - ब्रांड न्यू डे' को आवारापन-2 और बंटवारा-1947 जैसी फिल्मों के साथ कंपीट करना पड़ा है। लेकिन बावजूद इसके तीसरे वीकेंड में भी मार्वल स्टूडियोज की इस फिल्म ने 22 करोड़ 80 लाख रुपये की कमाई कर डाली।

सिर्फ 18 दिन में बनाया ये रिकॉर्ड

सोनी पिक्चर्स इंडिया ने 'स्पाइडर मैन - ब्रांड न्यू डे' की कमाई के आंकड़े जारी करते हुए एक पोस्ट में लिखा, "दुनिया भले ही पीटर को भूल गई हो, लेकिन भारत ने यह पक्का किया है कि रिकॉर्ड बुक्स उसे कभी नहीं भूलें। कमाई के मामले में 550 करोड़ का आंकड़ा पार किया जा चुका है और गिनती अभी जारी है। बता दें कि यह रिकॉर्ड इस मूवी ने सिर्फ 18 दिन में बना दिया है। जहां तक सिनेमाघरों में इस फिल्म की रिलीज की बात है तो इसे भारत में कई भाषाओं में रिलीज किया गया था। यह हिंदी और इंग्लिश के अलावा तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज हुई थी।

टॉप 5 की लिस्ट में कौन सी फिल्में?

अगर आप सोच रहे हैं कि अब कौन सी फिल्में 'स्पाइडर मैन - ब्रांड न्यू डे' से पीछे रह गई हैं तो आपको पूरी लिस्ट बता देते हैं। इस फिल्म के 550 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद यह मूवी नंबर 1 पर है। नंबर 2 पर 483 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'अवतार - द वे ऑफ वॉटर' है। लिस्ट में तीसरे नंबर पर 438 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'एवेंजर्स - एंडगेम' हैं। नंबर चार पर 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' (₹438 करोड़) है। टॉप 5 की लिस्ट में आखिरी पायदान पर 'स्पाइडर-मैन - नो वे होम' (₹268 करोड़) है।