Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. सरकार ने योजना के तहत पात्र महिलाओं को पेंशन देने की प्रक्रिया तेज कर दी है. 26 अगस्त से पात्र लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृति का आधिकारिक पत्र मिलना शुरू होगा, जबकि 1 सितंबर से पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी. वहीं, आवेदन में गलत या संदिग्ध जानकारी मिलने पर दोबारा जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
26 अगस्त से मिलेगा पेंशन मंजूरी का पत्र
दिल्ली सरकार की ओर से 26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसी कार्यक्रम से पात्र महिलाओं को पेंशन स्वीकृति से जुड़े आधिकारिक पत्र देने की प्रक्रिया शुरू होगी. सरकार का कहना है कि लाभार्थियों को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की तैयारी पूरी की जा रही है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली लक्ष्मी योजना में MP-MLA की सिफारिश क्यों? हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा जवाब
1 सितंबर से सीधे बैंक खाते में आएगी राशि
सरकार के मुताबिक, 1 सितंबर से दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत स्वीकृत पेंशन की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इससे महिलाओं को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. पात्रता पूरी करने वाली महिलाओं को सीधे उनके बैंक खाते में आर्थिक सहायता मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली लक्ष्मी योजना की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा के साथ जिला स्तर पर गठित स्वीकृति, निगरानी और शिकायत निवारण समितियों के अध्यक्ष और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में आवेदन से लेकर उनकी जांच, पात्रता की पुष्टि और मंजूरी देने तक की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए.
गलत जानकारी देने वालों पर कसेगा शिकंजा
सरकार ने साफ किया है कि योजना का लाभ लेने के लिए गलत जानकारी देने या पात्रता से जुड़ी जानकारी छिपाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी आवेदन में जानकारी संदिग्ध या असामान्य नजर आती है तो उसे नजरअंदाज न किया जाए. ऐसे मामलों में दोबारा पूरी जांच की जाएगी. आवेदक की पात्रता की पुष्टि होने के बाद ही आवेदन को मंजूरी दी जाएगी. सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र महिलाओं तक पहुंचे.
5 लाख से ज्यादा आवेदन हुए जमा
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 5 लाख से ज्यादा आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं. सरकार इसे महिलाओं की बड़ी भागीदारी के तौर पर देख रही है. अधिकारियों को इन आवेदनों की जांच और निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं.
सरकार का फोकस पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने पर
दिल्ली सरकार का कहना है कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. इसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े को रोकने के लिए जांच व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. 26 अगस्त से स्वीकृति पत्र और 1 सितंबर से बैंक खाते में पेंशन की शुरुआत को योजना के अगले बड़े चरण के तौर पर देखा जा रहा है.

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More