Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दो मासूम भाइयों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दो दिन से लापता दोनों बच्चों के शव रविवार को पहाड़ तरे के पुरवा और पुरवा बम्होरी गांव के पास एक कुएं में तैरते मिले. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया.
मृतकों की पहचान कृषि उपज मंडी के पीछे रहने वाले निरपत सिंह यादव के बेटों सचिन यादव (करीब 12 वर्ष) और प्रेम यादव (करीब 8 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, दोनों भाई दो दिन पहले स्कूल गए थे. स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों घर लौट रहे थे, लेकिन वापस नहीं पहुंचे. काफी तलाश के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला तो परिजनों ने लवकुशनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.
खिलाने के बहाने बच्चों को ले जाने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे आरोपी बालेंद्र सिंह को पहले से जानते थे. आरोप है कि बालेंद्र दोनों भाइयों को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था. इसके बाद दोनों बच्चे घर नहीं लौटे. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू की.
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि पहाड़ तरे के पुरवा और पुरवा बम्होरी गांव के पास स्थित एक कुएं में दो बच्चों के शव दिखाई दे रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुट गई. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया.
आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें रवाना
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि आरोपी बच्चों को अपने गांव की ओर ले गया और कथित तौर पर कुएं में फेंक दिया. हालांकि हत्या की पूरी वजह और घटना का क्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. बताया जा रहा है कि मामला कथित प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हुआ है और इसी को लेकर आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस ने आरोपी बालेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के लिए उस पर इनाम घोषित किया है. उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर रवाना की गई हैं. पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पवन बिदुआ
पवन बिदुआ की पत्रकारिता की यात्रा वर्ष 2018 में छतरपुर के वी न्यूज़ केबल नेटवर्क से शुरू हुई. इसके बाद पवन ने इंडिया न्यूज़ नेशनल और एमपी–सीजी में जिला ब्यूरो के रूप में लगातार जिम्मेदारियां निभाईं. कोविड काल की संवेदनशील और जोखिमपूर्ण रिपोर्टिंग को जमीनी स्तर पर कवर किया. शिक्षा के रूप में पवन बिदुआ ने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से BJMC और पं. मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय से LLB पूरी की है.
Read More