Muzaffarpur News: बिहार में मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से तीन महीने पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुए लैपटॉप कारोबारी मनोज भगत (48) और उनकी पत्नी मीनू देवी (45) की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है. मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दंपति की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मनोज भगत के छोटे भाई अविनाश उर्फ अनुज भगत ने ही संपत्ति विवाद में की थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बोचहां थाना क्षेत्र में दरभंगा फोरलेन किनारे मुरादपुर चौक के पास राधा स्वामी सत्संग आश्रम के निकट झाड़ियों से दोनों के कंकाल बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों शवों को बेडशीट और कंबल में लपेटकर झाड़ियों में फेंक दिया गया था. लंबे समय तक शव वहीं पड़े रहे और बाद में कंकाल में तब्दील हो गए. बरामद अवशेषों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी.

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

मनोज भगत का ब्रह्मपुरा स्थित बथुआ नर्सिंग होम के सामने भगत मार्केट है, जहां उनकी लैपटॉप की दुकान संचालित होती थी. इसी परिसर में उनका आवास भी है. पुलिस जांच में सामने आया है कि मार्केट और पैतृक संपत्ति को लेकर मनोज भगत और उनके छोटे भाई अविनाश के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया.

20 मई की रात से थे लापता

जानकारी के अनुसार मनोज भगत और उनकी पत्नी 20 मई 2026 की रात अचानक लापता हो गए थे. दोनों के मोबाइल फोन भी बंद हो गए थे. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो उनकी इकलौती बेटी शेफाली ने 22 मई को ब्रह्मपुरा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को दंपति के घर के कमरे और छत पर खून के धब्बे मिले थे. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की जांच में यह पुष्टि हुई कि खून इंसानी था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.

बेटी को शुरू से था चाचा पर शक

दंपति की बेटी शेफाली ने शुरुआत से ही अपने चाचा अविनाश पर संदेह जताया था. उसने पुलिस को बताया था कि संपत्ति हड़पने की नीयत से उसके माता-पिता को गायब किया गया है. पुलिस ने इस एंगल पर भी जांच की और धीरे-धीरे संदेह की सुई अविनाश की ओर घूमने लगी.

पूछताछ में कबूला जुर्म

एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी. बिहार समेत कई राज्यों में छापेमारी की जा रही थी. इसी बीच मृतक का छोटा भाई अविनाश भी 4 जून से गायब हो गया. पुलिस ने उसे बनारस से गिरफ्तार किया. सख्ती से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि 20 मई की रात संपत्ति विवाद को लेकर उसका अपने बड़े भाई और भाभी से झगड़ा हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि उसने दोनों की हत्या कर दी.

संजीव कुमार

संजीव कुमार

भारत 24, इंडिया टीवी, इंडिया न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, न्यूज एक्स, फोकस न्यूज, कशिश न्यूज, ताजा टीवी, सीएनइबी न्यूज, रफ्तार टीवी और लाइव इंडिया में 18 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button