कौन थे एक्टर-सिंगर अंकित बालियान? कैसे शुरू हुआ करियर, गा चुके हैं कौन-कौन से गाने?

Aug 26, 2026 11:20 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Who is Actor Singer Ankit Baliyan: एक्टर सिंगर अंकित बालियान ने अपने करियर की शुरुआत एक ऐसे गाने के साथ की थी, जिसने रिलीज के साथ ही धूम मचा दी थी।

Ankit Baaliyaan

अंकित बालियान ने सिर्फ 3 साल में कई सुपरहिट गाने दिए थे और कई बड़े आर्टिस्ट के साथ कोलैब कर चुके थे।

हरियाणवी एक्टर और सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम यूपी के शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शाम के करीब 7 बजे हुई। कुछ अज्ञात हमलावरों ने अंकित पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अंकित की मौत की खबर वायरल होने के बाद लोग इंटरनेट पर उनके बारे में सर्च कर रहे हैं। बता दें कि भले ही अंकित को अभी नेशनल फेम नहीं मिला था, लेकिन वह हरियाणी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना नाम थे। अंकित बहुत लोकप्रिय सिंगर, एक्टर और कॉन्टेंट क्रिएटर थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के निवासी थे।

कौन हैं सिंगर अंकित बालियान?

अंकित ने अपने देसी अंदाज, ग्रामीण संस्कृति और युवाओं को अट्रैक्ट करने वाले गानों से बहुत ही कम वक्त में बड़ी पहचान बना ली थी। अंकित को बचपन से ही म्यूजिक और आर्ट का शौक था। लेकिन उन्होंने प्रोफेशनली साल 2023 के आसपास हरियाणवी इंडस्ट्री में कदम रखा। वह गानों में न सिर्फ अपनी आवाज देते थे, बल्कि खुद मुख्य मॉडल/एक्टर के तौर पर वीडियो में परफॉर्म भी करते थे। सिर्फ 3 साल में उनके करियर ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि लोग उन्हें जानने लगे और उनके गानों की डिमांड बढ़ती गई।

बड़े कलाकारों के साथ कोलैब

हालांकि अंकित यूपी के थे, लेकिन अपने काम के सिलसिले में वह लंबे वक्त तक हरियाणा के सोनीपत और रोहतक में रहे। ये वो जगहें हैं जो हरियाणवी म्यूजिक के हब माने जाते हैं। अंकित के करियर को यूं तो बहुत ज्यादा वक्त नहीं बीता था, लेकिन इतने कम वक्त में भी उन्होंने मासूम शर्मा, राजू पंजाबी, आशु ट्विंकल, अंजलि राघव, राहुल पुथी और कोमल चौधरी जैसे सीनियर आर्टिस्ट के साथ कोलैब कर लिया था। म्यूजिक के साथ-साथ अंकित बालियान राजनीति में भी कदम रख रहे थे। वह अपने क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।

अंकित बालियान के टॉप 7 गाने

बात अंकित बालियान के अभी तक के काम की करें तो उन्होंने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान', '112 NE', 'एक खटोला जेल के भीतर', 'जाट जाटनी', 'मोदी बरगा रुतबा', 'गोली के बारूद', 'सिस्टम' और 'अगला जनम जाट' जैसे गाने बनाए थे। 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' वह गाना है जिसने अंकित को पहचान दिलाई थी। बता दें कि घटना के दौरान करीब 20 राउंड फायरिंग की बात बताई जा रही है, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है। बहुत कम वक्त के भीतर तेजी से उभरा यह सितारा अब अपने फैंस से दूर हो चुका है।