टॉक्सिक की शनिवार को भी घटी कमाई, चौथे दिन बॉक्स ऑफिस पर गिरावट जारी

Aug 29, 2026 09:20 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Toxic Box Office Collection: बावजूद जबरदस्त बज के फिल्म टॉक्सिक बॉक्स ऑफिस पर मेकर्स के लिए फायदे का सौदा साबित होती नहीं दिख रही है।

Toxic Box Office Collection

यश की फिल्म टॉक्सिक बॉक्स ऑफिस पर लगातार चौथे दिन भी औंधे मुंह गिरी है।

साउथ के सुपरस्टार एक्टर यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत बहुत दमदार रही थी। फिल्म को मिली ओपनिंग ने यह साफ कर दिया था कि यश की स्टार पावर कितनी ज्यादा है। हालांकि इसके बाद से फिल्म की कमाई का ग्राफ बहुत तेजी से नीचे आया। साफ था कि लोगों को फिल्म पसंद नहीं आई है, हालांकि मेकर्स को उम्मीद थी कि शायद वीकेंड पर फिल्म यू-टर्न मारती दिखाई पड़े, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर 'टॉक्सिक' की कमाई के आंकड़े इसके पक्ष में संकेत नहीं दे रहे हैं।

बॉक्स ऑफिस पर ऐसी रही शुरुआत

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 'टॉक्सिक' की नेट कमाई की बात करें तो ओपनिंग डे पर इसने 101 करोड़ 10 लाख रुपये कमाए थे। पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर सेंचुरी मारने के बाद दूसरे ही दिन यश की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। सैकनिल्क ने फिल्म की कमाई के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि फिल्म की दूसरे दिन की कमाई महज 37 करोड़ 65 लाख रुपये रही। तीसरे दिन इसने 27 करोड़ 20 लाख रुपये कमाए और चौथे दिन (शनिवार) को भी बॉक्स ऑफिस पर कोई करिश्मा होता नजर नहीं आ रहा है।

शनिवार को भी नहीं बढ़ सकी कमाई!

शनिवार की रात खबर लिखे जाने तक 'टॉक्सिक' की बॉक्स ऑफिस पर कमाई महज 14 करोड़ 13 लाख रुपये रही है। जहां एक तरफ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की अभी तक की कुल ग्रॉस कमाई 214 करोड़ 77 लाख रुपये हो चुकी है, तो वहीं दूसरी तरफ शनिवार की कुल कमाई बमुश्किल 20 करोड़ का आंकड़ा छू पाएगी। बता दें कि 'टॉक्सिक' को बॉक्स ऑफिस पर टक्कर देने के लिए यूं तो कोई बड़ी फिल्म नहीं है, लेकिन 'हनुमान अंश' जैसी कम बजट वाली फिल्में भी टॉक्सिक की अपनी कहानी के दम पर टक्कर देती दिख रही हैं।

क्या बजट रिकवर कर पाएगी फिल्म?

बात यश की फिल्म की स्टार कास्ट और अन्य डिटेल्स की करें तो टॉक्सिक का बजट तकरीबन 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म की स्टार कास्ट की करें तो टॉक्सिक में यश के अलावा कियारा आडवाणी फीमेल लीड रोल प्ले करती नजर आई हैं। यश का इस फिल्म में डबल रोल है, हालांकि ज्यादातर लोगों को क्लाइमैक्स उतना इंप्रेसिव नहीं लगा और डायलॉग्स भी बेमजा लगे। पहले ही वीक में अगर फिल्म अपना बजट रिकवर नहीं कर पाई तो फिल्म को आगे मुश्किल आ सकती है।