बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाबगीचा में एक युवक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना 28 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे की है।

.

पुलिस ने मामले में महुआपारा, राजपुर निवासी रामेश्वर उर्फ कोचा (21) के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) के तहत केस दर्ज किया है। घटना में सिद्धांत गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजपुर से अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

रक्षाबंधन पर पानी के छींटे मारने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, बुढ़ाबगीचा निवासी शिवकुमार काशी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उनके दामाद सुभाष समेत परिवार के अन्य सदस्य घर आए हुए थे।

शाम करीब 5 बजे रामेश्वर उर्फ कोचा मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि उसने विकास के घर के पास मौजूद लोगों पर पानी के छींटे मार दिए। इस बात पर शिवकुमार के बेटे सिद्धांत समेत अन्य लोगों ने रामेश्वर को डांट-फटकार लगाई।

आरोप है कि इसी दौरान रामेश्वर ने सिद्धांत को आग से जला देने की धमकी दी और वहां से चला गया।

कुछ घंटे बाद पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा

पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ देर बाद सिद्धांत अपने भाई समीर को मामले की जानकारी देने के लिए बुढ़ाबगीचा में राकेश के घर के पास पहुंचा। उस समय वहां समीर के अलावा प्रकाश, भोलू और राहुल भी मौजूद थे।

रात करीब 8:15 बजे रामेश्वर कथित तौर पर प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने सिद्धांत के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद जेब से लाइटर निकाला और सिद्धांत को आग लगा दी।

लोगों ने दौड़कर बुझाई आग, आरोपी फरार

अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। समीर और अन्य लोगों ने तत्काल बीच-बचाव किया और सिद्धांत के शरीर में लगी आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी रामेश्वर मौके से फरार हो गया। घटना के समय देवेंद्र, अनुराग और धर्मजीत उर्फ चेपट भी वहां पहुंच गए थे।

गंभीर रूप से झुलसा युवक, अंबिकापुर में इलाज जारी

घटना में सिद्धांत गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल राजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। फिलहाल सिद्धांत का अंबिकापुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आरोपी के खिलाफ केस, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद राजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। प्रार्थी शिवकुमार काशी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण तथा आरोपी के कथन के आधार पर घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल एवं लाइटर बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे चंद घंटे के भीतर हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया है।