दरिंदे को उम्रकैद : पांच साल पहले बच्चों के सामने शिक्षिका के साथ किया था रेप 

तिल्दा थाना क्षेत्र में पांच साल पहले बच्चों के सामने महिला पर चाकू से हमला कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सख्त सजा सुनाई है।

court

  • Published: 30 Aug 2026, 04:19 PM IST
  • Last Updated: 30 Aug 2026, 04:20 PM IST

रायपुर। तिल्दा थाना क्षेत्र में पांच साल पहले बच्चों के सामने महिला पर चाकू से हमला कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सख्त सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी को उसके अंतिम प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा से दंडित किया है। प्रकरण की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश विनय कुमार प्रधान की फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई है।

अतिरिक्त लोक अभियोजक विजयश्री बिसेन के अनुसार, कोर्ट ने बेमेतरा, नांदघाट निवासी बालकृष्ण जांगड़े को कैद तथा जुर्माने की सजा सुनाई है। आरोपी ने 15 मार्च 2021 को पेशे से शिक्षिका 37 वर्षीय महिला के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था। महिला ने कोर्ट में दिए अपने बयान में बताया कि घटना दिनांक को उनके पति, जो पेशे से कृषि विस्तार अधिकारी है, सुबह 10 बजे ड्यूटी करने के लिए चले गए। इसके बाद 11.45 बजे आरोपी उनके घर पहुंचा और शादी का कार्ड देने का झांसा देकर बंधक बनाकर महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मुंह पर टेप चिपकाकर रेप किया।

मजदूर के मोबाइल से दी घटना की जानकारी
घटना के बाद आरोपी घर के पीछे के रास्ते से घर को बंद कर मौके से फरार हो गया था। होश आने के बाद महिला ने अपने घर के सामने निर्माणाधीन मकान के मजदूरों को मदद के लिए आवाज लगाई, तब एक मजदूर मौके पर पहुंचा। महिला ने उससे मोबाइल लेकर अपने पति को घटना की जानकारी दी। कोर्ट ने जिस आरोपी को कैद तथा जुर्माने की सजा सुनाई है, उसकी पत्नी भी कृषि विस्तार अधिकारी है।

बच्चों के सामने किया रेप 
घटना के समय महिला के दो मासूम बेटे भी घर पर ही थे।  महिला पर आरोपी ने जब चाकू से हमला किया, तब मासूम बच्चे आरोपी से अपनी मां को नहीं मारने गुहार लगाते रहे। महिला के शोर मचाने पर आरोपी उसके मुंह में टेप चिपका दिया और बच्चों के सामने ही महिला के साथ रेप करता रहा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने बच्चों की हत्या करने की धमकी दी। रेप करने के बाद आरोपी महिला को बेहोशी की हालत में दूसरे कमरे में घसीटते हुए ले गया और उसके ऊपर सिलाई मशीन को पटककर उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गया था।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)