केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार पुलिस ने कटिहार से पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान का एक स्लीपर सेल बताया जा रहा है।

.

आरोप है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित नेटवर्क के संपर्क में था। जांच एजेंसियों का दावा है कि भारत विरोधी गतिविधियों के लिए वह सीमांचल क्षेत्र के लोगों को भड़काकर एक नया नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहा था।

जांच में यह भी सामने आया है कि वह पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन और शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था। एजेंसियों के अनुसार, वह वॉट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए उनसे बातचीत करता था।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि अहद के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे, उसे पाकिस्तान स्थित नेटवर्क से किस प्रकार के निर्देश मिल रहे थे और सीमांचल क्षेत्र में उसका नेटवर्क कितना व्यापक था।

गाड़ी में लाल टीशर्ट में दिख रहा शख्स मोहम्मद अहद है, जिसपर पाकिस्तानी आतंकी संगठन के साथ जुड़ने का आरोप है।

गाड़ी में लाल टीशर्ट में दिख रहा शख्स मोहम्मद अहद है, जिसपर पाकिस्तानी आतंकी संगठन के साथ जुड़ने का आरोप है।

डिजिटल कनेक्शन के आधार पर किया ट्रेस

जानकारी के अनुसार, डिजिटल गतिविधियों के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी की पहचान कर उसे ट्रेस किया। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर राज्य की एजेंसियों और कटिहार पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।

इसके तहत कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव में छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। उसके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है।

मो. अहद को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई। NIA की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

मो. अहद को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई। NIA की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

खुफिया इनपुट के बाद कार्रवाई, दस्तावेज जब्त

खुफिया इनपुट मिलने के बाद केंद्रीय एजेंसी, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कटिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कोढ़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मोहम्मद अहद को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान उसका मोबाइल फोन, सोशल मीडिया चैट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को कटिहार की अदालत में पेश किया गया। वहां से आगे की पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जांच एजेंसियां नेटवर्क खंगालने में जुटीं

फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसका संपर्क किन-किन लोगों से था और क्या इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी बिहार या देश के दूसरे हिस्सों में सक्रिय हैं।

फिलहाल अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है और एजेंसियां सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही हैं।