Lagatar Desk :  बिहार के बाढ़ में जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत मामले मने यू-टर्न ले लिया है. बहन के लव अफेयर से नाराज भाई ने चारों लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाई थी, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने  मामले में लाली कुमार और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है. जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.


शुरुआत में इसे जहरीली शराब पीने से हुई मौत का मामला माना जा रहा था. खबर सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधा था. साथ ही ग्रामीणों ने जहरीली शराब की आशंका को लेकर थाने का घेराव भी किया था. लेकिन पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर मामले का खुलाया कर दिया. 

30 अगस्त की है घटना

गौरतलब है कि 30 अगस्त को बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में पांच लोग शराब और मछली की पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान चार युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. कुछ ही मिनटों में वे बेहोश होकर गिर पड़े. उनके मुंह से झाग निकलने लगा. इसके बाद उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. 

हालत गंभीर होने पर सभी को पटना रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की.


बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था आरोपी

पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के अनुसार, पुलिस जांच के दौरान घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया. पुलिस ने बताया कि आरोपी लाली कुमार की बहन का निशु कुमार के साथ प्रेम संबंध था. इस बात को लेकर लाली नाराज था. उसके कुछ दोस्त भी उसे इस मामले को लेकर चिढ़ाते थे.

पुलिस के मुताबिक, इसी नाराजगी में लाली ने शराब पार्टी रखी और अपनी बहन के प्रेमी निशु कुमार के साथ उसके दोस्तों को बुलाया. आरोप है कि उसने शराब में जहर मिला दिया, जिसे पीने के बाद चारों की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 


तीन गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश

मामले की जांच के लिए एसडीपीओ बाढ़-2 के नेतृत्व में 15 सदस्यीय एसआईटी बनाई गई थी.  पुलिस ने मंगलवार को लाली कुमार और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया. इनमें एक व्यक्ति शराब बेचने का काम भी करता था. जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है. पुलिस एक अन्य आरोपी सन्नी कुमार की तलाश कर रही है. 

Rohtas News :  बाणसागर से पानी छोड़ने पर सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, इंद्रपुरी बराज के 69 फाटक खोले गए
FJCCI चुनाव में रिकॉर्ड नामांकन, 86 लोगों ने की दावेदारी पेश

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें