.
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस ऑफिस सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। मई और जून के दौरान पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 595 कांडों का निष्पादन किया है, जो पिछले प्रतिवेदित 340 कांडों की तुलना में काफी अधिक है। इनमें हत्या, डकैती, लूट, साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। इसके अलावा, 275 अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं कुर्की तथा चार वारंटों का निष्पादन किया गया। एसपी ने बैठक में सभी थाना और ओपी प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, मादक पदार्थों और चेन छिनतई के खिलाफ निरंतर कार्रवाई करने को कहा गया है। आगामी 16 जुलाई को होने वाली रथ यात्रा और श्रावणी मेला के मद्देनजर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने समय सीमा के भीतर 1358 पासपोर्ट और 1586 चरित्र सत्यापन के मामलों का निष्पादन किया। इसके लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची द्वारा बोकारो जिला पुलिस को सम्मानित भी किया गया है। वहीं, सीईआइआर पोर्टल की मदद से पिछले दो महीनों में गुम हुए कुल 371 मोबाइल फोन बरामद किए गए। नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 4063 वाहनों से कुल 59 लाख 96 हजार 650 रुपये का जुर्माना वसूला गया। चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं यातायात के अन्य नियमों के पालन के लिए लगातार अभियान चलाकर फाइन किया जा रहा है।
एसपी ने रथ यात्रा और श्रावणी पूजा के लिए सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम के निर्देश दिए। उन्होंने श्रावणी पूजा के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम करने और मंदिरों में सीसीटीवी लगाने की के मंदिर कमेटी से बात करने का निर्देश दिया। वहीं दामोदर व गरगा नदी से जल लेकर चिड़का धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने व कांवरियों को आवागमन वाले मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। एसपी ने बताया कि अपराध नियंत्रण में है। चोरी की घटनाओं में कमी आई है। उसे और कम करने का प्रयास किया जा रहा है। चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह को लगभग चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही अपराधी गिरफ्त में होंगे।