यूक्रेन: चिकित्सा गोदामों पर बार-बार हमले, ज़रूरी सहायता प्रभावित

5 सितम्बर 2026 स्वास्थ्य

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शुक्रवार को कहा कि कीव क्षेत्र में रातभर हुए हवाई हमले में उसके एक प्रमुख चिकित्सा गोदाम को नुक़सान पहुँचा है. इस गोदाम में मानवीय सहायता के लिए ज़रूरी चिकित्सा सामग्री रखी गई थी.

पिछले तीन महीनों में WHO द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले किसी गोदाम पर यह तीसरा हमला है.

WHO के प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमायर ने बताया, “3 और 4 सितम्बर की रात कीव क्षेत्र में हुए हवाई हमले से WHO के एक प्रमुख गोदाम को नुक़सान पहुँचा, जहाँ ज़रूरी मानवीय चिकित्सा सामग्री रखी गई थी.”

जिनीवा में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि घने धुएँ और सुरक्षा कारणों से घटनास्थल तक पहुँच अब भी सीमित है. नुक़सान और नष्ट हुई सामग्री का आकलन जारी है.

उन्होंने कहा कि हमले में WHO का कोई कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है.

स्वास्थ्य सहायता पर हमले

यह हमला पिछले तीन महीनों में WHO से जुड़े दो अन्य गोदामों पर हुए हमलों के बाद हुआ है. इन गोदामों में अग्रिम मोर्चे और दुर्गम इलाक़ों के लोगों के लिए ज़रूरी चिकित्सा सामग्री रखी गई थी.

WHO के अनुसार, दो सप्ताह पहले दनिप्रो में राहत सामग्री के एक गोदाम पर हुए हमले में लगभग 2 लाख 25 हज़ार लोगों के लिए रखी चिकित्सा सामग्री और उपकरणों का क़रीब आधा हिस्सा नष्ट हो गया.

WHO प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमायर ने कहा कि जुलाई में कीव और आसपास के इलाक़ों पर बड़े पैमाने पर हुए हमलों के दौरान WHO द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला एक अन्य गोदाम भी क्षतिग्रस्त हुआ था.

नागरिकों के लिए जीवनरेखा

अग्रिम मोर्चे और दुर्गम इलाक़ों में रहने वाले लोगों के लिए मानवीय चिकित्सा सामग्री बेहद अहम है. WHO ने चेतावनी दी है कि इन गोदामों पर हमलों से ज़रूरी स्वास्थ्य सहायता पहुँचने में देरी या रुकावट आ सकती है.

WHO ने देश भर में मानवीय सहायता गोदामों पर बढ़ते हमलों को लेकर चिन्ता जताई है.

क्रिश्चियन लिंडमायर ने कहा, “2026 में अब तक राहत सामग्री रखने वाले गोदामों पर कम से कम 20 हमले हुए हैं. इनमें स्वास्थ्य सम्बन्धी सामग्री वाले गोदामों पर 15 हमले शामिल हैं.”

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि संयुक्त राष्ट्र और WHO के कार्यालयों व गोदामों के स्थानों की जानकारी हिंसक टकराव के सभी पक्षों को पहले से दी जाती है, ताकि इन ठिकानों को हमलों से बचाया जा सके.

उन्होंने कहा, “संयुक्त राष्ट्र और WHO के सभी ठिकानों और गोदामों की जानकारी सभी पक्षों को पहले से दी गई है और वे इन स्थानों से अच्छी तरह परिचित हैं.”

सहायता पहुँचाने की प्रतिबद्धता

हमलों के बावजूद WHO, यूक्रेन में स्वास्थ्य साझीदारों के साथ मिलकर काम जारी रखे हुए है, ताकि ज़रूरी चिकित्सा सामग्री स्वास्थ्य केन्द्रों और ज़रूरतमन्द समुदायों तक पहुँचती रहे.

ताज़ा हमलों के बाद वैकल्पिक भंडारण व्यवस्था तय कर ली गई है, जबकि नुक़सान का आकलन और नष्ट हुई सामग्री की भरपाई जारी है.

2026 में WHO ने 300 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को उपकरण और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई. इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अस्पताल, प्रयोगशालाएँ और पारगमन केन्द्र शामिल हैं. इससे लगभग 30 लाख लोगों तक स्वास्थ्य सहायता पहुँचाने में मदद मिली.

24 फ़रवरी 2022 को यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने के आक्रमण के बाद से WHO ने स्वास्थ्य सेवाओं पर 3,000 से अधिक हमलों की पुष्टि की है. इनमें स्वास्थ्य केन्द्रों, एम्बुलेंस, चिकित्सा सामग्री और गोदामों पर हमले शामिल हैं.

♦ समाचार अपडेट रोज़ाना सीधे अपने इनबॉक्स में पाने के लिये यहाँ किसी विषय को सब्सक्राइब करें

♦ अपनी मोबाइल डिवाइस में यूएन समाचार का ऐप डाउनलोड करें – आईफ़ोन iOS या एण्ड्रॉयड