आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतरे, दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित
बिहार के आरा जंक्शन के पास महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। इस घटना से दिल्ली-हावड़ा रेल रूट प्रभावित हुआ है, और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतरे
- Published: 06 Sep 2026, 02:39 PM IST
- Last Updated: 06 Sep 2026, 02:39 PM IST
Mahananda Express derailment: बिहार के आरा जंक्शन के यार्ड के समीप रविवार की अहले सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अलीपुरद्वार से नई दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15483/15484) के दो डिब्बों के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब चार बजे की है, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। ट्रेन में अचानक तेज झटका लगने और उसके रुकने से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद आरा जंक्शन से आगे बढ़ी ही थी कि जंक्शन के समीप यार्ड क्षेत्र में यह अप्रिय घटना घटी। हालांकि, लोको पायलट (चालक) की सतर्कता और सूझबूझ से समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही आरा जंक्शन के तमाम रेल अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और अन्य कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
दिल्ली-हावड़ा रेल रूट की कई ट्रेनें हुईं लेट
इस दुर्घटना के कारण आरा जंक्शन की अप लाइन का रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है। इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रुकने से पंजाब मेल और विभूति एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गईं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे की तकनीकी और इंजीनियरिंग टीमें तुरंत ट्रैक को ठीक करने और परिचालन को सामान्य बनाने के कार्य में जुट गईं।
जीएम और डीआरएम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग और दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने रेलवे अमले को जल्द से जल्द ट्रैक की बहाली का काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
हादसे के कारणों की तकनीकी जांच शुरू
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पटरी से पहिए उतरने के पीछे ट्रैक, प्वाइंट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की भूमिका रही है या नहीं, इसकी उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।