दलीप ट्रॉफी फाइनल में चमके कप्तान ईशान किशन, पहले ही दिन जड़ दिया शतक
Sep 06, 2026 06:06 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

ईशान किशन ने रविवार को दलीप ट्रॉफी फाइनल के दौरान 10वां प्रथम श्रेणी शतक लगाया है। उन्होंने 122 गेंदों में 100 रन पूरे किए। उनकी इस पारी की मदद से ईस्ट जोन ने पहले दिन 4 विकेट खोकर 385 रन बनाए।

ईशान किशन
ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच रविवार से दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे ईशान किशन ने पहले ही दिन दमदार पारी खेली। उन्होंने एमए चिदंबरम स्टेडियम में 122 गेंदों में शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। किशन की शतकीय पारी और अभिमन्यु ईश्वरन, शिखर मोहन और कुमार कुशाग्र की अर्धशतकीय पारी की बदौलत ईस्ट जोन ने मैच के पहले दिन 79 ओवर में 4 विकेट खोकर 385 रन बनाए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने पर ईशान नाबाद 111 और कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
वैभव और अभिमन्यु ने दिलाई दमदार शुरुआत
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन खिताबी मुकाबले में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने पारी के 77वें ओवर में श्रेयस गोपाल के ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में अब तक 14 चौके और एक छक्का लगाया है। पूर्वी क्षेत्र ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिमन्यु ईश्वर और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 100 रन जोड़े। 15वें ओवर में चामा मिलिंद ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे वैभव सूर्यवंशी (44) रन का शिकार कर पूर्वी क्षेत्र को पहला झटका दिया। वैभव ने अपनी पारी में 37 गेंदों का सामना किया और पांच चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद शिखर मोहन ने ईश्वरन के साथ मोर्चा संभाला। इसी दौरान 25वें ओवर में ईश्वरन (72) रन आउट हो गये। उन्होंने अपनी पारी में 86 गेंदों का सामना किया और 10 चौके ओर एक छक्का लगाया। सुदीप कुमार घरामी (छह) रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये।
ईस्ट जोन ने पहले दिन बनाए 385 रन
दिन का चौथा विकेट 53वें ओवर में शिखर मोहन (85) रन के रूप में गिरा। उन्हें चामा मिलिंद ने बोल्ड आउट किया। शिखर मोहन ने अपनी पारी में 120 गेंदों का सामना किया और नौ चौके और तीन छक्के उड़ाये। स्टंप्स के समय पूर्वी क्षेत्र ने चार विकेट पर 385 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इशान किशन (नाबाद 111) और कुमार कुशाग्र (नाबाद 63) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। किशन ने 135 गेंदों की अपनी शतकीय पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया।
टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करते हुए दिन शानदार रहा। पूर्वी क्षेत्र के ज्यादातर बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली। वैभव सूर्यवंशी ने तेजी से 44 रन बनाए, अभिमन्यु ईश्वरन और शिखर मोहन ने शानदार अर्धशतक जड़े, और फिर किशन और कुशाग्रा (नाबाद 63) की जोड़ी ने साउथ ज़ोन के गेंदबाज़ों की धज्जियां उड़ा दीं। पिच आसान थी और गेंदबाजों का प्रदर्शन खराब रहा। मोहम्मद सिराज ने लगभग 7 रन प्रति ओवर दिए और बाकी गेंदबाजों का हाल भी कुछ ऐसा ही था। ओवर रेट बहुत खराब था और दिन के खेल में 11 ओवर कम हो गए। ईस्ट जोन कल इस अच्छी शुरुआत का फ़ायदा उठाना चाहेगी, जबकि साउथ ज़ोन दूसरी नई गेंद से कुछ विकेट लेने की उम्मीद करेगी।