India Women vs Pakistan Women: भारत ने महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। भारत की महिला और पुरुष टीम का पिछले चार सालों से पाकिस्तान के खिलाफ दबदबा बरकरार है।

क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच जबर्दस्त प्रतिद्वंद्विता है। दोनों टीमों की जब भी टक्कर होती है तो फैंश का जोश और उत्साह सातवें आसमान पर होता है। राजनीतिक तनाव के कारण भारत और पाकिस्तान में लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई। दोनों की सिर्फ मल्टीनेशन टूर्नामेंट में ही भिड़ंत होती है। भारत की शनिवार को महिला एशिया कप 2026 में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ंत हुई। यह मैच एकतरफा रहा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दुबई के मैदान पर 7 विकेट से विजयी परचम फहराया। हरमन ब्रिगेड ने पाकिस्तान को 18.1 ओवर में 55 रनों पर ढेर करने के बाद 8.4 ओवर में तीन विकेट पर आसानी से टारगेट चेज कर लिया। यह महिला टी20 एशिया कप और सबसे छोटे फॉर्मेट में शेष गेंदों के हिसाब से भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत है।

क्रिकेट में पाकिस्तान से कब से नहीं हारा भारत?

भारत की महिला या पुरुष टीम का क्रिकेट में करीब चार सालों से पाकिस्तान के खिलाफ दबदबा जारी है। भारत ने पिछले 15 इंटरनेशनल मैचों में पाकिस्तान को हार थमाई है। भारत को पिछली बार अक्टूबर 2022 में महिला एशिया कप में पाकिस्तान के हाथों हार मिली थी। तब बांग्लादेश के सिलहट में पाकिस्तान ने 137/6 का स्कोर खड़ा करने के बाद 13 रनों से जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम 124 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।

वहीं, भारत की पुरुष टीम को सितंबर 2022 में एशिया कप में पाकिस्तान के विरुद्ध पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। यह मैच दुबई में आयोजित हुआ था। भारत ने 181/7 का स्कोर खड़ा किया था और पाकिस्तान ने एक गेंद बाकी रहत मैच अपने नाम कर लिया। भारत ने उसी साल अक्टूबर में पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में मेलबर्न में पाकिस्तान पर चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। भारत ने मेलबर्न में विराट कोहली की नाबाद 82 रनों की पारी की बदौलत आखिरी गेंद पर विजयी परचम फहराया था। उसके बाद से टीम इंडिया लगातार पाकिस्तान को रौंद रही है।

भारत बनाम पाकिस्तान पिछले 15 मैचों के रिजल्ट (पुरुष और महिला)

2026 - भारत 7 विकेट से जीता (महिला)

2026 - भारत 64 रन से जीता (महिला)

2026 - भारत 61 रन से जीता (पुरुष)

2025 - भारत 88 रन से जीता (महिला)

2025 - भारत 5 विकेट से जीता (पुरुष)

2025 - भारत 6 विकेट से जीता (पुरुष)

2025 - भारत 7 विकेट से जीता (पुरुष)

2025 - भारत 6 विकेट से जीता (पुरुष)

2025 - भारत 6 विकेट से जीता (पुरुष)

2024 - भारत 6 विकेट से जीता (महिला)

2024 - भारत 6 रन से जीता (पुरुष)

2023 - भारत 7 विकेट से जीता (पुरुष)

2023 - भारत 228 रन से जीता (पुरुष)

2023 - भारत 7 विकेट से जीता (महिला)

2022 - भारत 4 विकेट से जीता (पुरुष)