बिहार में रेल सुरक्षा होगी मजबूत: राजगीर और सासाराम बनेंगे नए रेल पुलिस अनुमंडल, सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

बिहार में रेल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राजगीर और सासाराम को नए रेल पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। इससे रेल पुलिस का दायरा बढ़ेगा।

Bihar rail police sub division Rajgir Sasaram

बिहार में रेल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राजगीर और सासाराम को नए रेल पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। (Ai Image)

  • Published: 08 Sep 2026, 04:06 PM IST
  • Last Updated: 08 Sep 2026, 04:06 PM IST

Bihar rail police sub division: बिहार में ट्रेन यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय ने नालंदा के राजगीर और रोहतास के सासाराम को दो नए रेल पुलिस अनुमंडल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार के पास भेज दिया है। इन नए अनुमंडलों के गठन के बाद इनकी कमान नए रेल डीएसपी (DSP) संभालेंगे। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद बिहार में रेल पुलिस अनुमंडलों की कुल संख्या मौजूदा 12 से बढ़कर 14 हो जाएगी।

चार नए रेल सर्किल और तीन नए थाने बनाने का भी प्रस्ताव
बिहार पुलिस के उच्चे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रेल नेटवर्क और यात्रियों के भारी दबाव को ध्यान में रखते हुए रेल पुलिस के विंग का दायरा बढ़ाने पर उच्च स्तर पर सहमति बन चुकी है। इसी कड़ी में चार नए रेल सर्किल और तीन नए रेल थाने स्थापित करने का प्रस्ताव भी सरकार को सौंपा गया है।

  • नए रेल सर्किल: नालंदा जिले का राजगीर, गोपालगंज का थावे, खगड़िया और पूर्णिया में नए सर्किल कार्यालय बनाए जाएंगे, जहां इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
  • नए रेल थाने: पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल, नालंदा के हिलसा और कटिहार के कुर्सेला में नए पुलिस थाने खोलने का प्रस्ताव है।

वर्तमान में राजेंद्र नगर टर्मिनल पर जीआरपी (GRP) पुलिस चौकी काम कर रही है जिसकी निगरानी पटना जंक्शन रेल थाने के माध्यम से होती है। लेकिन यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यहाँ पूर्ण थाना खोलने की जरूरत महसूस की गई है।

प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद बढ़ेंगे आंकड़े
यदि सरकार इस नए प्रस्ताव को हरी झंडी दे देती है, तो राज्य में रेल पुलिस ढांचे का विस्तार काफी हद तक बढ़ जाएगा। प्रस्ताव के मंजूर होने पर:

  • रेल अंचलों (Circles) की संख्या 17 से बढ़कर 21 हो जाएगी।
  • रेल थानों की संख्या 69 से बढ़कर 72 हो जाएगी।

वर्तमान में रेल पुलिस की स्थिति
फिलहाल प्रशासनिक व्यवस्था के तहत राज्य में कुल 4 रेल जिले (पटना, मुजफ्फरपुर, कटिहार और जमालपुर) हैं। इसके अलावा 12 रेल अनुमंडल, 17 रेल अंचल और 4 रेल साइबर थानों समेत कुल 69 रेल पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं। इन नए प्रस्तावों के जमीन पर उतरने से रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और अपराधों पर और तेजी से अंकुश लगाया जा सकेगा।