लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के विमान की लैंडिंग में दिक्कत, दूसरे प्रयास में सुरक्षित उतरा

लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी की फ्लाइट का गो-अराउंडImage Credit source: Getty Images/PTI

दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग से ठीक पहले गो-अराउंड करना पड़ा. बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इसी फ्लाइट में सवार थे. जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट लैंडिंग के बिल्कुल करीब थी, तभी अचानक तेज झटका लगा और जहाज दोबारा ऊपर उठने लगा. इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए गो-अराउंड किया और दूसरे प्रयास में फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई.

यह फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 2:20 बजे रवाना हुई थी और 3:30 बजे लखनऊ पहुंचनी थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ हवाई अड्डे पर पहले लैंडिंग प्रयास के दौरान रनवे के पास विमान की स्थिति अस्थिर हो जाने पर पायलट ने लैंडिंग रद्द कर दी और विमान को वापस ऊंचाई पर ले गया. फिर कुछ देर बाद विमान दोबारा रनवे के पास पहुंचा और दूसरे प्रयास में पायलट ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली. विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.

क्या है गो-अराउंड प्रक्रिया?

दरअसल, एविएशन सेक्टर में गो-अराउंड एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है. जब पायलट को लगता है कि मौजूदा अप्रोच से सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं है, तो वो लैंडिंग रद्द कर देते हैं और विमान को वापस ऊंचाई पर ले आते हैं. इसके बाद लैंडिंग एक नए अप्रोच के माध्यम से की जाती है.

रायबरेली में राहुल गांधी का कार्यक्रम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेश में अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे हैं, जहां उनके दौरे की तैयारियां चल रही हैं. राहुल अपनी यात्रा के दौरान जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. प्रशासनिक अधिकारी बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं. पिछली DISHA बैठक की अध्यक्षता अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने की थी. रायबरेली कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी दो दिनों के लिए दौरे पर रहेंगे.

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ा झटका, PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर मानहानि का केस रद्द करने से इनकार

अभिजीत ठाकुर

अभिजीत ठाकुर

अभिजीत ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. 2014 में पत्रकारिता की शुरुआत Zee Media से हुई. दिल्ली में रिपोर्टिंग की. 2018 में ETV भारत के नेशनल ब्यूरो में बतौर रिपोर्टर जॉइन किया. इस दौरान संघ (RSS-VHP), शिक्षा, कृषि, पर्यटन के साथ किसान और मजदूरों के मुद्दों पर रिपोर्टिंग की. 2022 में TV9 भारतवर्ष जॉइन किया और दिल्ली ब्यूरो का हिस्सा रहे. इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान,महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में कई बड़ी खबरों और इवेंट्स कवर करने का अवसर मिला. 2025 में लखनऊ ब्यूरो की जिम्मेदारी के साथ दिल्ली से लखनऊ भेजा गया. 17 साल दिल्ली में रहने के बाद अब कर्मस्थली यूपी की राजधानी है. अब उत्तर प्रदेश की राजनीति, सरकार और जनता से जुड़े मुद्दों की रिपोर्ट जनता तक पहुंचाते हैं.

Read More

google button