विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
बंगाल के पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस की जेड प्लस सुरक्षा रहेगी जारी, गृह मंत्रालय का फैसला
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बंगाल के पूर्व राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा जारी रखने ...और पढ़ें

बंगाल के पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस की जेड प्लस सुरक्षा रहेगी जारी
HighLights
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा समीक्षा के बाद बोस की जेड प्लस सुरक्षा जारी रखने का निर्णय लिया
सीआरपीएफ की जगह अब दिल्ली पुलिस संभालेगी उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी
राजीव कुमार झा, कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बंगाल के पूर्व राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा जारी रखने का निर्णय लिया है। बोस के एक करीबी सूत्र ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
हालांकि, उनकी सुरक्षा व्यवस्था में थोड़ा बदलाव किया गया है। अब दिल्ली पुलिस उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी। डॉ. बोस फिलहाल दिल्ली में रह रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) उन्हें पूरे देश में सुरक्षा प्रदान कर रही थी।
सूत्र ने बताया कि गृह मंत्रालय में हाल में दिल्ली में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक में विभिन्न प्रमुख व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
इसी दौरान बंगाल के पूर्व राज्यपाल डा. आनंद बोस की सुरक्षा जारी रखने का फैसला किया गया। उनके लिए जेड प्लस श्रेणी का सुरक्षा कवर बरकरार रहेगा।
मालूम हो कि बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले पांच मार्च 2026 को डा. सीवी आनंद बोस ने बंगाल के राज्यपाल पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था।
हालांकि राज्यपाल के पद से हटने के बाद भी केंद्र सरकार ने उनके लिए उच्च श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था जारी रखी है। अब चूंकि वह दिल्ली में रह रहे हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया गया है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी बोस ने करीब 3.5 वर्ष तक बंगाल के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। नवंबर 2022 से पांच मार्च 2026 तक वे बंगाल के राज्यपाल पद पर रहे।
बताते चलें कि प्रमुख व्यक्तियों की समय-समय पर सुरक्षा समीक्षा के दौरान खतरे की स्थिति और मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था समेत विभिन्न पहलुओं का आकलन किया जाता है।
गृह मंत्री शाह राष्ट्रवादी मूल्यों व सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता के लिए पूर्व राज्यपाल बोस की कर चुके प्रशंसा
बताते चलें कि इससे पहले जून माह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व राज्यपाल डॉ सीवी आनंद बोस को पत्र लिखकर राष्ट्रवादी मूल्यों, सुशासन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की थी।
शाह ने पत्र में लिखा था कि बंगाल के राज्यपाल के तौर पर बोस ने राज्य के लोगों की भलाई और तरक्की के लिए लगातार काम किया।
शाह ने बोस को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के लिए भी उन्हें बधाई दी थी।
उन्होंने लिखा था कि इस जीत में आपका योगदान राष्ट्रवादी मूल्यों, सुशासन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने पत्र में लिखा था कि जनसेवा में आपकी लंबे समय से चली आ रही, लगनशील और सक्रिय भूमिका मिसाल कायम करने वाली और प्रेरणादायक रही है।
गृह मंत्री ने बोस के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और निरंतर सफलता की भी कामना की थी। गृह मंत्री द्वारा छह जून 2026 को जारी यह पत्र केरल में बोस के आवास पर भेजा गया था।