
जसप्रीत बुमराह इस नए बदलाव को मैच में उतारेंगे?Image Credit source: PTI
India vs Afghanistan T20I: जसप्रीत बुमराह जब नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में उतरे, तो नजरें उन पर ही थीं. करीब दो महीने तक चोट के कारण बाहर रहने वाले बुमराह अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से वापसी कर रहे हैं. ऐसे में उन पर नजरें होना स्वाभाविक है. बुमराह इस सेशन में बदले-बदले नजर आए और ये बदलाव सिर्फ उनके हेयरस्टाइल में नहीं था. लंबे और बिखरे बालों के अलावा बुमराह का बॉलिंग रन-अप भी अलग नजर आया, जो काफी लंबा था. तो क्या अब आने वाले वक्त में बुमराह ऐसे ही गेंदबाजी करते दिखेंगे?
लंबे रनअप के साथ बुमराह की बॉलिंग
शुक्रवार 11 सितंबर को टीम इंडिया शाम के वक्त जेटली स्टेडियम में प्रैक्टिस के लिए उतरी. बुमराह इस सेशन में पूरी तरह तरोताजा और फिट नजर आ रहे थे. वो अपनी चोट को लेकर सतर्क थे लेकिन उनकी चाल-ढाल में आक्रामकता और एक तीखापन नजर आ रहा था. यही तीखापन उनकी गेंदबाजी में भी दिखा, जहां उन्होंने वैभव सूर्यवंशी से लेकर कप्तान श्रेयस अय्यर तक को काफी परेशान किया. उनकी बॉलिंग में पहले जैसी धार नजर आ रही थी.
मगर इस प्रैक्टिस की सबसे खास बात बुमराह का रनअप था. क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह ने इस सेशन के दौरान ज्यादातर मौकों पर लंबे रनअप के साथ बॉलिंग की. आम तौर पर कुछ कदम चलने के बाद थोड़ा सा दौड़कर ही गेंद करने वाले बुमराह ने इस बार अपने रनअप में कुछ कदम और जोड़े, जिससे उनका क्रीज तक पहुंचने का सफर थोड़ा लंबा हो गया. यहां तक कि कुछ मौकों पर वो अर्शदीप सिंह से भी ज्यादा लंबे रनअप के साथ गेंद करने आए. वहीं कुछ मौकों पर उन्होंने अपने रेगुलर रनअप के साथ भी बॉलिंग की.
मैच में भी लंबा रनअप रखेंगे बुमराह?
बुमराह ने ऐसा क्यों किया और क्या वो इस सीरीज में या आगे चलकर लगातार इस तरह के रनअप के साथ गेंदबाजी करेंगे? ये एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब मैच के दौरान ही मिल पाएगा. क्या बुमराह को घुटने की चोट से उबरने के प्रक्रिया के दौरान इसकी सलाह दी गई है? ये भी फिलहाल साफ नहीं है. हालांकि, बुमराह को पहले भी इस तरह की सलाह मिल चुकी है और इसकी एक वजह उनकी पीठ पर पड़ने वाला जोर है और दूसरी वजह उनकी लगातार नो-बॉल की परेशानी है. ऐसे में ये आने वाली सीरीज में ये देखना रोचक रहेगा कि बुमराह इसका इस्तेमाल करते हैं या नहीं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More