सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त गुलाब सिद्धू के घर पर हमला, नकाबपोशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, वीडियो वायरल

Time Updated: Sunday, September 13, 2026, 14:18 [IST]

Gulab Sidhu: पंजाब के बरनाला से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को हैरान करने वाली खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर गुलाब सिद्धू के घर के बाहर शनिवार देर रात फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि तीन नकाबपोश हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे और घर के गेट के पास करीब 8 राउंड गोलियां चलाकर फरार हो गए।

घटना के समय गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनका परिवार अंदर था। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भी डर फैल गया। गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्तों में गिने जाते हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Gulab Sidhu Sidhu Moosewala

रात करीब 1:33 बजे हुई फायरिंग

बरनाला पुलिस के मुताबिक, घर के बाहर फायरिंग की यह घटना शनिवार देर रात हुई। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाब पहने लोग गुलाब सिद्धू के घर के बाहर दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार, हमलावरों ने घर के गेट की तरफ कई गोलियां चलाईं और इसके बाद वहां से भाग गए। पुलिस अब सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के जरिए उनकी पहचान करने में जुटी है।

ये भी पढ़ें: फिल्म हनुमान अंश ने बनाया 113 सालों का सबसे बड़ा रिकॉर्ड! बॉलीवुड के इतिहास में कभी नहीं बना ऐसा कीर्तिमान

हालांकि, अलग-अलग शुरुआती जानकारियों में घटना का समय रात करीब 12 बजे और करीब 1:33 बजे बताया गया है। पुलिस की जांच के बाद घटना का सही समय और अन्य जानकारी साफ हो सकेगी।

घटना के समय ऑस्ट्रेलिया में थे गुलाब सिद्धू

जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के समय गुलाब सिद्धू घर पर नहीं थे। वह फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में हैं और अपने टूर कार्यक्रमों में व्यस्त बताए जा रहे हैं। उनका परिवार घर के अंदर मौजूद था। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Big Breaking: Shots were fired at singer Gulab Sidhu's house in village Farwahi (District Barnala) around 1:30 AM, with six bullets striking the main door, Gulab Sidhu is currently in Australia for his shows.
Law and order in Punjab pic.twitter.com/NsnGLL51ue

— Rattandeep Singh Dhaliwal (@Rattan1990) September 13, 2026

गांव के सरपंच जगसीर सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल पर कुछ लोग घर के बाहर पहुंचे थे। उनके चेहरे ढके हुए थे। गोलियां चलाने के बाद सभी वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। घटना के बाद गांव में डर का माहौल है।

पहले भी निशाना बनाने की कोशिश

बताया जा रहा है कि गुलाब सिद्धू को पहले भी कुछ गैंगस्टरों की ओर से निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस की ओर से दो गनमैन तैनात किए गए थे। अब उनके घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद पुलिस इस पुराने मामले को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, ताजा फायरिंग के पीछे किसका हाथ है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। बरनाला पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

सिद्धू मूसेवाला के करीबी माने जाते हैं

गुलाब सिद्धू का नाम दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के साथ भी जुड़ा रहा है। दोनों के बीच करीबी दोस्ती बताई जाती थी। सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू था। गुलाब सिद्धू की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर भी 'Justice for Sidhu Moosewala' लिखा हुआ है। इसी वजह से गुलाब सिद्धू की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, मौजूदा फायरिंग की वजह सिद्धू मूसेवाला से उनके संबंध हैं या कोई दूसरा कारण, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

हाल में रिलीज हुआ था 'जुड़ा'

गुलाब सिद्धू इन दिनों अपने म्यूजिक और टूर को लेकर भी चर्चा में हैं। उनका गाना 'जुड़ा' हाल ही में रिलीज हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस गाने को रिलीज होने के करीब दो महीने के अंदर YouTube पर 74 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पंजाबी म्यूजिक में गुलाब सिद्धू की अच्छी पहचान है और उनके गाने सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहते हैं।

SSP ने क्या बताया?

बरनाला के SSP मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि पुलिस को शनिवार देर रात गुलाब सिद्धू के घर के गेट पर गोलियां चलने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि फायरिंग के समय सिंगर घर पर मौजूद नहीं थे, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया में हैं। SSP के अनुसार, गुलाब सिद्धू को पहले भी निशाना बनाने की कोशिश की गई थी।

सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरी जानकारी के आधार पर फायरिंग करने वालों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें: Friday OTT Release: 'गुल्लक 5' से लेकर 'ब्राउन' तक, इस हफ्ते ओटीटी पर सस्पेंस और एक्शन का मिलेगा फुल डोज