रणबीर से पहले ये एक्टर्स कर चुके हैं राम का रोल, जानिए किसे मिली थी कितनी मोटी फीस
Sep 14, 2026 04:53 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Most Expensive Ram: अभी तक कई एक्टर्स राम का किरदार निभा चुके हैं, लेकिन आपको क्या लगता है किसे कितनी फीस मिली थी?

अपकमिंग फिल्म 'रामायण' में राम के किरदार में बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर ने राम का किरदार निभाने के लिए 75 करोड़ रुपये प्रति फिल्म चार्ज किया है। यानि पार्ट-1 और पार्ट-2 के लिए कुल मिलाकर उन्हें 150 करोड़ रुपये इस फिल्म के लिए मिलेंगे। लेकिन क्या आपको पता है कि इससे पहले जिन भी एक्टर्स ने राम का रोल प्ले किया था, उन्हें प्रति एपिसोड या एक मूवी के लिए कितने रुपये फीस ऑफर की गई थी? तो चलिए आपको बताते हैं कि अरुण गोविल से लेकर प्रभास तक अभी तक किस एक्टर को यह महान किरदार निभाने का मौका मिला, और उन्हें इस रोल के लिए कितनी फीस दी की गई थी।
अरुण गोविल - रामायण
रामानंद सागर की रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल को पूरे शो के लिए करीब 40 लाख रुपये फीस ऑफर की गई थी। यह उस दौर के टीवी एक्टर्स के हिसाब से बहुत मोटी फीस थी। अरुण गोविल ने इस किरदार के जरिए ऐसा जादू चलाया कि उन्हें आज भी टीवी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा सम्मान पाने वाले एक्टर का दर्जा हासिल है। आज भी लोग उन्हें सामने देखकर उनके पांव छू लेते हैं।
गुरमीत चौधरी - रामायण (2008)
जब गुरमीत चौधरी को रामायण के लिए कास्ट किया गया तब वह इंडस्ट्री में नए थे। साल 2008 में एक बार फिर से रामायण सीरियल बनाने का फैसला किया गया तो इसमें राम के रोल के लिए गुरमीत चौधरी को चुना गया। गुरमीत को शुरू में एक एपिसोड के लिए 40 से 50 हजार रुपये मिला करते थे, लेकिन बाद में उनकी यह फीस बढ़ाकर 1 लाख रुपये प्रति एपिसोड कर दी गई थी। क्योंकि यह कुल 300 एपिसोड का प्रोजेक्ट था, तो गुरमीत को करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये फीस मिली थी।
आशीष शर्मा - सिया के राम (2015)
गुरमीत के बाद एक्टर आशीष शर्मा को भी पर्दे पर 'सिया के राम' में श्रीराम का रोल प्ले करने का मौका मिला। जब आशीष शर्मा को कास्ट किया गया, तब तक वह टीवी इंडस्ट्री के एक स्टैबलिश बन चुके थे और डांस रियलिटी शो झलक दिखला जा जीत चुके थे। टीवी ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इस रोल के लिए ₹1 लाख से ₹1.25 लाख प्रति एपिसोड चार्ज किया था। क्योंकि कुल 304 एपिसोड इस शो के आए थे, तो इस तरह उन्होंने इस शो से 3 से 3.5 करोड़ रुपये कमाए।
प्रभास - आदिपुरुष (2023)
साल 2023 में साउथ के स्टार एक्टर प्रभास ने राघव (राम) का रोल प्ले किया था। खबरें चली थीं कि प्रभास को इस फिल्म में राम का किरदार निभाने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये फीस मिली थी। हालांकि जब फिल्म रिलीज हुई तो नतीजा एकदम उलट रहा। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई और मेकर्स की कमाई पानी में बह गई। फिल्म को ओटीटी पर भी उतना अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला था। तो इस तरह रणबीर कपूर अभी तक के सबसे महंगे राम साबित होने वाले हैं।