इंग्लैंड में आकिब नबी की कहर बरपाती गेंदबाजी, मयंक अग्रवाल ने ठोका शतक

काउंटी चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा. (फोटो- PTI/GETTY)

County Championship 2026: इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में भारतीय सितारों ने अपनी चमक बिखेरी है. काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन के 64वें मुकाबले में जहां युवा भारतीय तेज गेंदबाज आकिब नबी ने द ओवल के मैदान पर सरे के लिए खेलते हुए ग्लैमॉर्गन के खिलाफ 4 विकेट चटकाकर तहलका मचा दिया, वहीं दूसरी तरफ काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन टू में अनुभवी सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने डरहम की ओर से खेलते हुए वॉर्सेस्टरशर के खिलाफ बेहतरीन शतक जड़ दिया.

द ओवल में आकिब नबी का कहर

सरे और ग्लैमॉर्गन के बीच खेले जा रहे डिवीजन वन मुकाबले में आकिब नबी की आग उगलती गेंदों का विपक्षी बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रहने के बावजूद उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था, लेकिन आगामी न्यूजीलैंड दौरे की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उन्हें काउंटी क्रिकेट में अनुभव हासिल करने के लिए इंग्लैंड भेजा है. आकिब ने इस मौके को भुनाते हुए पहली पारी में 10 ओवरों में 36 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके.

उन्होंने ग्लैमॉर्गन के टॉप और मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस करते हुए आसा ट्राइब, कप्तान किरण कार्लसन, बिली रूट और जैक होप-बेल को पवेलियन की राह दिखाई. आकिब के इस धारदार स्पेल के दम पर ग्लैमॉर्गन की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 132 रनों पर सिमट गई.

डिवीजन टू में मयंक अग्रवाल की क्लास

सीनियर बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने भी काउंटी चैंपियनशिप में अपने बल्ले की धार दिखाई. 35 साल के मयंक अग्रवाल ने डरहम की जर्सी में वॉर्सेस्टरशर के खिलाफ दबाव भरे हालात में शानदार बल्लेबाजी करते हुए डरहम के लिए अपना पहला काउंटी शतक पूरा किया. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह मयंक अग्रवाल का 22वां शतक है. बता दें, मयंक ने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला साल 2022 में खेला था, लेकिन घरेलू और विदेशी मैदानों पर उनका फॉर्म लगातार बरकरार है.

MAYANK AGARWAL!!!!

MAIDEN DURHAM FIRST-CLASS CENTURY. 😍#ForTheNorth pic.twitter.com/LgsVn7qHou

— Durham Cricket (@DurhamCricket) September 15, 2026

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button