Natraj Sweets Seoni: शहर के चर्चित नटराज स्वीट्स में समोसे में मरी हुई मक्खी मिलने का वीडियो वायरल होने और इस मामले को “खबर सत्ता” द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद आखिरकार खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर समोसे का नमूना जांच के लिए एकत्रित किया और परिसर में स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार सूचना पत्र (Improvement Notice) जारी किया है।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से मंगलवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर त्वरित जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।
नटराज स्वीट्स में समोसे का सैंपल, स्वच्छता में मिली कमियां
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को कचहरी चौक स्थित नटराज स्वीट्स का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समोसे का नमूना जांच के लिए लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान में स्वच्छता संबंधी निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं मिलने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
“खबर सत्ता” की खबर के बाद हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नटराज स्वीट्स के समोसे में मरी हुई मक्खी मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले को “खबर सत्ता” ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद खाद्य विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू करते हुए समोसे का सैंपल एकत्रित किया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
स्थानीय लोगों के अनुसार बीते कई वर्षों में नटराज स्वीट्स के समोसों में कभी बाल तो कभी मक्खी मिलने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि हर बार विभागीय कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रहने के आरोप भी लगते रहे हैं। इस बार भी लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में आवश्यक सुधार नहीं किए गए या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन जारी रहा, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस के निलंबन सहित नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा है कि जिलेभर में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण, स्पॉट टेस्टिंग और सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कई प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
कार्रवाई के दौरान यादव मंगोड़ा सेंटर से मंगोड़े, एल.डी. मार्ट से फ्रेम्स तथा श्री साई जूस कॉर्नर से एप्पल जूस के नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके साथ ही मौके पर खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग कर उनकी गुणवत्ता की भी जांच की गई।
![]()
SHUBHAM SHARMAhttps://shubham.khabarsatta.com
Shubham Sharma – Indian Journalist & Media Personality | Shubham Sharma is a renowned Indian journalist and media personality. He is the Director of Khabar Arena Media & Network Pvt. Ltd. and the Founder of Khabar Satta, a leading news website established in 2017. With extensive experience in digital journalism, he has made a significant impact in the Indian media industry.