कौन है लखनऊ की वो लड़की? क्रिकेटर शमी के भाई पर रेप का आरोप, बोली-'पति की तरह साथ रहा,शादी का किया था वादा'

Time Published: Saturday, September 19, 2026, 12:35 [IST]

Mohammed Shami Brother Rape FIR: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के छोटे भाई और घरेलू क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद कैफ के खिलाफ लखनऊ में रेप की एफआईआर (FIR) दर्ज हुई है। एक युवती ने मोहम्मद कैफ पर शादी का वादा करके उसके साथ संबंध बनाने का आरोप लगाया है।

युवती का दावा है कि मोहम्मद कैफ उसके साथ पति-पत्नी की तरह रहते थे और कहते थे कि आईपीएल में सिलेक्शन होने के बाद शादी करेंगे। अब युवती ने अपने रिश्ते, शमी के परिवार से बातचीत और थाने पहुंचने से पहले हुई आखिरी कॉल के बारे में खुलकर बात की है। जानिए क्या है पूरा मामला।

Mohammed Shami Brother Rape FIR

कौन है लखनऊ की लड़की, एयरलाइन कंपनी में करती थी काम

लखनऊ की रहने वाली इस युवती ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि वह पहले एक एयरलाइन कंपनी में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी। मोहम्मद कैफ से उसकी पहली मुलाकात साल 2020 में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। युवती के मुताबिक, कैफ उसे पसंद करते थे और इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हो गई।

साल 2023 में दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं। युवती का दावा है कि इसी दौरान कैफ ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी। वह कथित तौर पर कहते थे कि "जब मेरा आईपीएल में सिलेक्शन हो जाएगा, तब मैं तुमसे शादी कर लूंगा।"

युवती के मुताबिक, जब कैफ का आईपीएल में चयन नहीं हुआ तो उसने शादी को लेकर सवाल पूछने शुरू किए। इसके बाद कैफ के व्यवहार में बदलाव आने लगा और वह शादी की बात पर टालमटोल करने लगे।

कई शहरों में साथ रहने का दावा

युवती ने बताया कि वह एविएशन सेक्टर में नौकरी करती थी और काम के सिलसिले में अलग-अलग राज्यों में जाती रहती थी। कैफ भी क्रिकेट मैचों के लिए कई शहरों का दौरा करते थे। युवती ने कहा कैफ उसे अपने पास बुलाते थे और दोनों उत्तर प्रदेश, कोलकाता, हैदराबाद और दिल्ली समेत कई जगहों पर साथ रहे।

उसने कहा कि उनका रिश्ता सामान्य प्रेम संबंध जैसा नहीं था। उन्होंने कहा,

"हम दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे। मुझे कभी नहीं लगा कि वह मेरे साथ इस तरह का धोखा करेंगे।" युवती का आरोप है कि कैफ को उसका केबिन क्रू की नौकरी करना पसंद नहीं था। बाद में उसने काफी कोशिशों के बाद दुबई में काम शुरू किया, लेकिन वहां नौकरी करने को लेकर भी कैफ को आपत्ति थी। युवती का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते वह मानसिक तनाव में रहने लगी और अपने करियर पर ध्यान नहीं दे पाई।

शमी और परिवार से हुई थी बातचीत

दैनिक भास्कर के मुताबिक युवती ने कहा जब वह कैफ के साथ रिश्ते में थी, तब उसकी बातचीत मोहम्मद शमी और परिवार के दूसरे सदस्यों से भी होती थी। उसका दावा है कि बाद में जब परिवार की ओर से शादी से इनकार किया गया, तब मोहम्मद शमी ने अपने बड़े भाई के फोन नंबर से उससे बातचीत की थी।

युवती ने कहा कि शमी ने उससे कहा था कि यह शादी नहीं हो सकती। उसने यह भी बताया कि एक खेल चैनल के पॉडकास्ट में उसने कैफ के साथ अपने रिश्ते का जिक्र किया था। इसके बाद कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब से उसकी बातचीत हुई।

युवती का दावा है कि मई 2026 में कैफ ने उससे कहा था कि अगर वह पॉडकास्ट हटवा देगी तो वह उससे शादी कर लेंगे। इसके बाद मुरादाबाद में कैफ के कोच बदरुद्दीन के घर पर उसकी मुलाकात कैफ की मां और हसीब से हुई। युवती का आरोप है कि वहां उसके साथ बुरा व्यवहार किया गया।उन्होंने कहा,

"हसीब ने मुझसे कहा था कि अगर मेरे भाई पर कोई कानूनी कार्रवाई होती है या वह जेल जाता है, तो वो उसे बाहर निकाल लाऊंगी।"

थाने के बाहर की आखिरी कॉल

युवती ने बताया कि 30 मई 2026 को उसकी कैफ से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद जब वह लखनऊ के आशियाना थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंची, तब उसने थाने के बाहर खड़े होकर कैफ को फोन किया।

उसने कैफ से पूछा कि क्या अब भी दोनों की शादी हो सकती है। युवती के मुताबिक, कैफ ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। ब युवती से पूछा गया कि अगर कैफ या उनका परिवार समझौते के लिए तैयार हो जाए और शादी का प्रस्ताव रखे तो वह क्या करेगी, तो उसने इससे इनकार कर दिया।

उसने कहा, "अब मैं खुद उनसे दोबारा बात करने नहीं जाऊंगी। उन्हें समझना चाहिए कि किसी महिला की इज्जत और भावनाओं की भी कीमत होती है। मेरे मन में अब उनके लिए न माफी बची है और न ही दोबारा साथ रहने की कोई इच्छा।" मोहमम्द कैफ पर लगे आरोपों की जांच अब पुलिस के स्तर पर होगी। इस मामले में युवती के आरोपों को न्यायिक प्रक्रिया के दौरान परखा जाना बाकी है। फिलहाल, एफआईआर दर्ज होने का मतलब आरोप साबित होना नहीं है।