Sangrur News: पंजाब के संगरूर में DC ऑफिस के बाहर जहर निगलने वाले जगसीर सिंह उर्फ जग्गा का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में जग्गा ने गांव के सरपंच पर नशे के खिलाफ आवाज उठाने से रोकने, धमकाने और घर के CCTV कैमरे तोड़ने का आरोप लगाया है. जग्गा का कहना है कि शिकायत के बावजूद जब उसकी सुनवाई नहीं हुई तो उसने यह कदम उठाया.

नशे के खिलाफ वीडियो बनाने का दावा

जगसीर सिंह उर्फ जग्गा ने वीडियो में दावा किया कि उनके गांव नमोल में खुलेआम नशा बिक रहा है. उसने नशे की बिक्री का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. जग्गा के मुताबिक, उसने यह वीडियो कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा को भी दिखाया था. जग्गा का आरोप है कि वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के बाद उसे डिलीट करवा दिया गया. इसके बाद गांव के सरपंच सुखचैन सिंह उर्फ सुक्की रिवॉल्वर लेकर उसके घर पहुंचा.

ये भी पढे़ं- नशा तस्करों का खौफ, पुलिस मौन, संगरूर DC ऑफिस के बाहर शख्स ने पिया फिनाइल, हालत गंभीर

सरपंच पर जान से मारने की धमकी का आरोप

जग्गा ने वीडियो में आरोप लगाया कि सरपंच ने उसे नशे के खिलाफ बोलने और वीडियो बनाने से रोकते हुए जान से मारने की धमकी दी. उसके मुताबिक, सरपंच ने घर में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया. जग्गा का दावा है कि घटना से जुड़े सबूत और CCTV का DVR उसने पुलिस को सौंपा था. हालांकि, उसके आरोप के मुताबिक पुलिस ने DVR खाली होने की बात कहकर मामले को आगे नहीं बढ़ाया.

मंत्री अमन अरोड़ा से मिलने की कोशिश

जग्गा सिंह ने बताया कि वह पंजाब सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को नशे से जुड़ा वीडियो दिखाने के लिए गया था. उसका कहना है कि मंत्री से उसकी मुलाकात नहीं हो सकी और उसे DSP के पास भेज दिया गया. जग्गा के अनुसार, DSP ने उसे SHO के पास जाने को कहा. इसके बाद भी जब उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो उसने गांव में पंचायत भी बुलाई.

सुनवाई नहीं होने पर जहर निगलने का दावा

जग्गा ने अपने वीडियो में कहा कि वह लगातार नशे के खिलाफ आवाज उठा रहा था, लेकिन उसे मदद नहीं मिली. पुलिस और प्रशासन से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने कहा कि मजबूर होकर उसने जहर निगल लिया. DC ऑफिस के बाहर जहर निगलने की घटना के बाद जग्गा का यह वीडियो सामने आया है. फिलहाल उसके लगाए आरोपों की जांच की जा रही है.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button