दरभंगा के मनीगाछी थाना में ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही को बिना हथियार ड्यूटी करते पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। ये कार्रवाई ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी की अनुशंसा पर सीनियर एसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने की है।

.

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी ने 15 सितंबर 2026 की रात मनीगाछी थाना का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान महिला सिपाही 1970 खुशबू कुमारी को रात्रि संतरी ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पाया गया।

जांच के दौरान वह बिना हथियार के संतरी ड्यूटी कर रही थीं। ग्रामीण एसपी ने मौके पर ही उनसे इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

महिला सिपाही खुशबू कुमारी तत्काल प्रभाव से निलंबित

मामले को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए ग्रामीण एसपी ने अनुशासनिक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक को प्रतिवेदन भेजा। ग्रामीण एसपी की अनुशंसा के आलोक में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने महिला सिपाही खुशबू कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता देय होगा तथा उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।

ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी।

ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी।

रात में भी थानों की जांच कर रही ग्रामीण एसपी

ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी के औचक निरीक्षण को लेकर पुलिस महकमे में लगातार सक्रियता देखने को मिल रही है। ग्रामीण एसपी के योगदान के बाद से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में भी थानों की कार्यप्रणाली और पुलिस की ड्यूटी व्यवस्था की जांच की जा रही है। खासकर रात्रि गश्ती, संतरी ड्यूटी और थानों में पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की मौजूदगी को लेकर औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्रामीण एसपी कई बार देर रात एक-दो बजे भी अचानक किसी थाने पहुंच जाती हैं और वहां की व्यवस्था का निरीक्षण करती हैं। रात्रि निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति, संतरी ड्यूटी, गश्ती व्यवस्था और थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाती है। कमियां मिलने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से जवाब-तलब किया जाता है।

बताया जाता है कि कई मौकों पर एक ही रात में ग्रामीण एसपी द्वारा 4-4 थानों का निरीक्षण किया जाता है। इससे रात की ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में सतर्कता बढ़ी है। अचानक निरीक्षण के कारण पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिक सजग रहना पड़ रहा है।

ग्रामीण एसपी की अनुशंसा पर सीनियर एसपी ने सस्पेंशन की कार्रवाई की।

ग्रामीण एसपी की अनुशंसा पर सीनियर एसपी ने सस्पेंशन की कार्रवाई की।

ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई का संदेश

मनीगाछी थाना में महिला सिपाही के निलंबन की कार्रवाई से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संतरी ड्यूटी थाना और पुलिस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। ऐसे में बिना हथियार ड्यूटी पर पाए जाने को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और मामले में तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई की गई।

दरभंगा में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के नेतृत्व में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी द्वारा लगातार किए जा रहे औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की निगरानी बढ़ी है। दिन हो या रात, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की कार्यप्रणाली की जांच किए जाने से थानों में सतर्कता और जवाबदेही पर जोर दिया जा रहा है।