
रोहित और विराट का साथ मिलना गिल के लिए वरदान. (फोटो- PTI)
Gautam Gambhir On Shubman Gill Captaincy: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने एक बड़ा बयान दिया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. गौतम गंभीर ने वनडे फॉर्मेट में टीम की कमान संभाल रहे युवा कप्तान शुभमन गिल की जमकर सराहना की है. गंभीर का मानना है कि गिल समय के साथ एक मेच्योर कप्तान के रूप में निखर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गिल खुशकिस्मत हैं कि उन्हें मैदान के अंदर और बाहर सही मार्गदर्शन देने के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दो दिग्गजों का साथ मिल रहा है.
रोहितविराट का साथ मिलना गिल के लिए वरदान
कप्तान शुभमन गिल को मिल रहे सीनियर के समर्थन पर बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा, ‘वनडे में गिल बहुत खुशकिस्मत हैं कि उनके पास रोहित और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जो मैदान पर खेल के दौरान और मैदान के बाहर रणनीतियों में उनकी पूरी मदद करते हैं.’ इसके साथ-साथ गंभीर ने आगे कहा कि भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की इतनी गहराई है कि किसी भी खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना हमेशा एक पेचीदा फैसला होता है.
गौतम गंभीर का मानना है कि जब एक युवा कप्तान को ऐसे कड़े चयन फैसले लेने पड़ते हैं, तो यह किसी भी कोच और कप्तान के लिए सबसे मुश्किल काम बन जाता है. लेकिन अब तक गिल ने इन सभी मोर्चों पर खुद को मजबूती से साबित किया है और हर मानक पर खरे उतरे हैं.
गंभीर को गिल से काफी उम्मीद
हाल के समय में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय वनडे टीम को कुछ चुनौतीपूर्ण नतीजों का सामना करना पड़ा है. टीम इंडिया को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विदेशी सरजमीं पर और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शिकस्त झेलनी पड़ी है. इन नतीजों का जिक्र करते हुए गंभीर ने कप्तान का बचाव किया और कहा, ‘मुझे लगता है कि उन्होंने अपनी तरफ से सब कुछ सही किया है. वनडे क्रिकेट में उनके लिए यह समय थोड़ा कठिन जरूर रहा है, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि जल्द ही परिस्थितियां बदलेंगी क्योंकि गिल ने अपनी कप्तानी में कोई कमी नहीं छोड़ी है.’

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More