.

औरंगाबाद पुलिस ने शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों में हथियार के बल पर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूटने तथा नगर थाना क्षेत्र में फायरिंग कर लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस, लूटा गया लैपटॉप, 52 हजार 235 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और एक बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव निवासी अखिलेश बैठा के पुत्र विपुल कुमार (21), बॉक गांव निवासी रामेश्वर सिंह के पुत्र विशाल कुमार (22) तथा बॉक गांव निवासी मदन कुमार सिंह के पुत्र पंकज कुमार (20) के रूप में हुई है।

दो बाइक से शहर की ओर आ रहे थे छह संदिग्ध : पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को नगर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिल पर सवार छह संदिग्ध व्यक्ति औरंगाबाद शहर की ओर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए नगर थाना पुलिस ने फॉर्म के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्धों की नजर पुलिस पर पड़ी और वे बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। पीपरडीह मोड़ से देव जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया, पुलिस आगे कार्रवाई कर रही है।

तलाशी में हथियार और नकदी बरामद पकड़े गए तीनों युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस को दो देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा एक लैपटॉप, उसका चार्जर, पांच मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड और 52,235 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद लैपटॉप और नकदी को लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो गिरफ्तार आरोपियों ने कई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

हर दो-तीन दिन में वारदात का दावा पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हर दो-तीन दिनों के अंतराल पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। इससे पुलिस को सिलसिलेवार लूट की घटनाओं के पीछे सक्रिय गिरोह तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पुलिस आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटनाओं की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और बरामद सामान का मिलान संबंधित कांडों से किया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद नगर थाना में कांड संख्या 636/26, दिनांक 27 सितंबर 2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। बरामद हथियारों और कारतूस के स्रोत तथा लूट की घटनाओं में इनके इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने जिले में अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।