रोहित-गिल ने की भारत के लिए रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी, दोनों ने शतक जड़ गेंदबाजों को रुलाया
Updated: Wednesday, September 30, 2026, 21:11 [IST]
गुवाहाटी में वेस्टइंडीज ने 405 रन का पहाड़ खड़ा किया तो जवाब में भारत को ऐसी शुरुआत की जरूरत थी, जो मुकाबले का रुख ही बदल दे। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने ठीक वही किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 255 रनों की विशाल साझेदारी कर भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई कि विंडीज गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए।
रोहित ने 72 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जबकि शुभमन गिल ने इससे भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में सेंचुरी जड़ दी। रोहित का यह वनडे करियर का 35वां शतक, जबकि गिल का 11वां वनडे शतक रहा।
रोहित का खास अंदाज, फिटनेस का दिया संदेश
रोहित के शतक का जश्न भी इस पारी की खास तस्वीर बन गया। सेंचुरी पूरी करने के बाद उन्होंने छोटे-छोटे कदमों में उछलते हुए जश्न मनाया। उनका यह अंदाज मानो उन सवालों का जवाब था, जो उनकी फिटनेस को लेकर उठते रहे हैं।
पिछले तीन वनडे मैचों में यह रोहित का दूसरा शतक है। शतक तक पहुंचने के दौरान उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। हालांकि शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह ज्यादा देर नहीं टिक सके और 75 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हो गए।
रिकॉर्ड से सिर्फ 4 रन दूर रह गई जोड़ी
रोहित और गिल ने पहले विकेट के लिए 255 रन जोड़कर वनडे क्रिकेट में भारत की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी की। दोनों के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका था लेकिन सिर्फ 4 रन से चूक गए। भारत की सबसे बड़ी ODI ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड अभी भी सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली के नाम है। दोनों ने 2001 में केनिया के खिलाफ 258 रन की साझेदारी की थी।
रोहित का एक और बड़ा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने इस पारी के दौरान एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने 12000 वनडे रन पूरे कर लिए और इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए। रोहित ने यह उपलब्धि 282वीं पारी में हासिल की, जबकि विराट कोहली ने 242 पारियों में 12 हजार ODI रन पूरे किए थे। रोहित ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 300 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।
-
Block for 8 hours
-
Block for 12 hours
-
Block for 24 hours
-
Don't block
Gender
Select your Gender
Age
Select your Age Range