Yami Gautam Nai Naveli Trailer: बॉलीवुड एक्ट्रेस और नेशनल फिल्म अवॉर्ड विनर यामी गौतम (Yami Gautam) की अपकमिंग फिल्म 'नई नवेली' (Nai Naveli) का मजेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट बढ़ गई है. ट्रेलर में यामी गौतम एक ऐसी बहू के रोल में नजर आ रही हैं, जो देखने में बेहद संस्कारी और आम बहू की लगती हैं. लेकिन उसके आने के बाद फैमिली के लोग उस पर डायन होने का शक करने लगते हैं. ट्रेलर में हॉरर, कॉमेडी और फैमिली ड्रामा मजेदार तड़का देखने को मिला है.

नई नवेली की क्या है कहानी 

फिल्म नई नवेली के ट्रेलर की शुरुआत मेरठ के अवस्थी फैमिली से होती है. यह परिवार थोड़ा अजीब और बिखरा हुआ नजर आता है और घर में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा होता, तभी यामी गौतम के किरदार मोहिनी की एंट्री होती है. मोहिनी अवस्थी फैमिली के घर में नई बहू बनकर आती है. वह संस्कारी और परफेक्ट बहू के रूप में दिखाई देती है. मोहिनी के घर में आते ही माहौल बदलने लगता है. वहीं, परिवार में जो परेशानी होती हैं वो धीरे-धीरे ठीक होने लगती है. जिसके बाद परिवार के लोग भी मोहिनी को पसंद करने लगते हैं. लेकिन घर के एक सदस्यों को फिर भी मोहिनी पर शक रहता है कि वह बहू नहीं डायन है.

देवर को भाभी पर क्यों होने लगा शक?

ट्रेलर के मुताबिक, नई नवेली में मोहिनी का देवर उसकी हरकतों को ध्यान देता है. उसे लगता है कि उसकी भाभी जितनी सीधी और संस्कारी नजर आ रही है, असल वह ऐसी नहीं है. धीरे-धीरे उसका शक इतना बढ़ जाता है कि उसे यकीन होने लगता है कि मोहिनी एक डायन है. इसके बाद देवर अपनी भाभी का सच फैमिली के सामने लाने की कोशिश करता दिखाई देता है. लेकिन वह हर बार खुद ही फंस जाता है. इसी दौरान फिल्म में कॉमेडी देखने को मिलती है. वहीं, परिवार के बाकी लोग मोहिनी पर भरोसा करते हैं, जबकि देवर लगातार मोहिनी पर शक करता रहता है. 

यामी गौतम का दिखा अलग अंदाज

'नई नवेली' में यामी गौतम का रोल काफी शानदार नजर आ रहा है. एक तरफ वह घूंघट में एक संस्कारी बहू के रूप में नजर आती हैं तो दूसरी तरफ ट्रेलर में वह एक अलग ही डायन के अंदाज में दिखाई देती हैं. कुछ सीन्स में वह हवा में उड़ती हुई दिखाई देती हैं. जिससे फिल्म में हॉरर एंगल भी सामने आता है. यामी के इस अवतार में डर के साथ कॉमेडी भी है. वहीं, फैमिली के लोग जब मोहिनी के इस रूप का अंदाजा होता है, तो कोई हनुमान चालीसा पढ़ता नजर आता है और हैरान दिखाई देता है. इस दौरान भी कॉमेडी का तड़का नजर आता है. यही वजह है कि फिल्म का ट्रेलर डराने के साथ-साथ हंसाने की कोशिश भी करता है.

क्या मोहिनी सच में डायन है?

दरअसल , इस समय सोशल मीडिया से लेकर हर जगह फिल्म को लेकर सबसे बड़ा यही सवाल है कि क्या मोहिनी सच में एक बुरी डायन है? या फिर फिल्म की कहानी में कुछ नया एंगल छिपा हुआ है. जो अभी ट्रेलर में पूरी तरह सामने नहीं आया है?  बहरहाल, अभी मोहिनी के देवर के शक को सही नहीं माना जा सकता है कि वह डायन है क्योंकि ट्रेलर में यह भी इशारा दिया गया है कि हो सकता है कि मोहिनी किसी बड़ी और अदृश्य आसुरी ताकत से फैमिली की रक्षा करने आई हो. इसलिए मेकर्स ने इसे सिर्फ डराने वाली फिल्म की तरह पेश नहीं किया है. इसमें कॉमेडी और फैमिली ड्रामा को भी बराबर जगह दी गई है.

फिल्म में दिखे ये कलाकार

यामी गौतम के साथ 'नई नवेली' में सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ और आदित्य कुलश्रेष्ठ जैसे शानदार कलाकार नजर आ रहे हैं. ट्रेलर में सभी कलाकार कॉमेडी और फैमिली ड्रामा का तड़का लगा रहे हैं. फिल्म का डायरेक्शन बालाजी मोहन ने किया है और कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है. वहीं, फिल्म के प्रोड्यूसर आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा हैं. 

16 अक्टूबर को रिलीज होगी 'नई नवेली'

'नई नवेली' 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ऐसे में फिल्म दशहरे के मौके पर ऑडियंस के बीच पहुंचेगी. बहरहाल, ट्रेलर को देखकर इतना साफ है कि मेकर्स ने हॉरर, कॉमेडी और फैमिली ड्रामा को एक साथ पेश करने की कोशिश की है. फिल्म को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट बढ़ गई है और यामी के फैंस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: पैपराजी ने की फराह खान की तस्वीर लेने की कोशिश, दिलाई भाईजान की बात याद, बोलीं- 'पीछे से फोटोज नहीं लेना है'