कर्नाटक से गिरफ्तार हुआ आंतकी नेटवर्क से जुड़ा युवक, हथियारों की तस्करी का आरोप

आरोपी पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी, राणा हुनैन और नोमी खान से कथित संपर्क सामने आया. FIR में शाहजाद भट्टी को पाकिस्तान स्थित नामित आतंकी बताया गया है.

आरोपी पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी, राणा हुनैन और नोमी खान से कथित संपर्क सामने आया. FIR में शाहजाद भट्टी को पाकिस्तान स्थित नामित आतंकी बताया गया है.

author-image

New Update

Police file 1

File Photo

कर्नाटक के बीदर जिले में पुलिस ने पाकिस्तान स्थित संदिग्ध आतंकी नेटवर्क और अवैध हथियारों की तस्करी से कथित संपर्क के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान भालकी तालुक के येनकूर गांव निवासी विशाल कुमार मेट्रे के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, उसके मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में पाकिस्तान स्थित कुछ लोगों और अवैध हथियारों से जुड़े नेटवर्क के साथ व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क की जानकारी मिली है.

दिसंबर 2025 से चल रही थी जांच

FIR के अनुसार, पुलिस को 2 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली थी कि विशाल कथित तौर पर व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के संपर्क में है. पुलिस का दावा है कि इस संबंध में दिसंबर 2025 से खुफिया इनपुट के आधार पर गुप्त जांच चल रही थी. इसके बाद भालकी ग्रामीण सर्किल के पुलिस अधिकारियों की टीम करीब सुबह 3:30 बजे येनकूर गांव पहुंची और विशाल को एक घर के पास पकड़ा. पूछताछ में उसने खुद को BBA का छात्र बताया. हालांकि, FIR के अनुसार, उसकी पढ़ाई पूरी नहीं हुई थी. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसका मोबाइल फोन जांच के लिए अपने कब्जे में लिया.

शुरुआती जांच में आरोपी पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी, राणा हुनैन और नोमी खान से कथित संपर्क सामने आया. FIR में शाहजाद भट्टी को पाकिस्तान स्थित नामित आतंकी बताया गया है. पुलिस का आरोप है कि विशाल ने व्हाट्सएप के जरिए इन लोगों से अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी को लेकर बातचीत की थी. FIR में यह भी कहा गया है कि राणा हुनैन ने उसे ‘Rahe Haq’ और ‘RANA BHAI 333’ नाम के व्हाट्सएप चैनलों के लिंक भेजे थे. पुलिस इन चैनलों पर मौजूद सामग्री और आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है. बता दें, FIR में आशु शर्मा और राज भाई उर्फ लकी सिंह के नाम भी दर्ज हैं. पुलिस का दावा है कि विशाल इन लोगों के संपर्क में भी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए था. 

UAPA समेत कई धाराओं में केस

इस मामले में बीदर के खटक चिंचोली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने UAPA की धारा 18, 20 और 39 के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. रिपोर्टों के मुताबिक, मामले में कुल सात लोगों के नाम FIR में शामिल हैं. 

पिता को निशाना बनाने की कथित योजना की भी जांच

पुलिस के अनुसार, विशाल पर अपने पिता को निशाना बनाने के लिए पिस्टल हासिल करने की कथित योजना से जुड़े होने का आरोप है. इसे परिवार के संपत्ति विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, विशाल के परिवार ने आतंकी संपर्क और हथियार तस्करी के आरोपों से इनकार किया है. परिवार का कहना है कि पूरा मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है. 

NIA ने भी संभाली जांच

रिपोर्टों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद NIA ने भी मामले में कार्रवाई शुरू की है. NIA और स्थानीय पुलिस आरोपी के कथित पाकिस्तान कनेक्शन, सोशल मीडिया गतिविधियों और हथियार तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है.  

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें