पीएमसीएच को छोड़ बाकी अस्पतालों में एंटी रेबीज नहीं:टीके के लिए भटक रहे मरीज, मजबूरी में बाहर से खरीदना पड़ रहा

पटना34 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कुत्ते या अन्य जानवरों के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन समय पर लगना अनिवार्य है। लेकिन, पीएमसीएच को छोड़कर न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल, गर्दनीबाग अस्पताल और गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में वैक्सीन का स्टॉक खत्म है। मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं तो बाहर से 300-400 रुपए खर्च कर वैक्सीन खरीदने या दूसरे अस्पताल जाने की सलाह देकर लौटाया जा रहा है।

12 वर्षीय शुभम को कुत्ते ने काटा तो उसकी मां रूबी कुमारी न्यू गार्डिनर अस्पताल लेकर पहुंचीं, लेकिन वहां टीका नहीं मिला। एक अन्य मरीज अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को अगली डोज लेनी थी। पहले न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल गए और फिर गर्दनीबाग, लेकिन दोनों जगह से खाली हाथ लौटना पड़ा।

राहत : पीएमसीएच में पर्याप्त टीका उपलब्ध राहत की बात यह है कि पीएमसीएच में फिलहाल एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अभी 1500 से अधिक टीका उपलब्ध है। बरसात में सर्पदंश की भी घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए एंटी वेनम भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक में रखा गया है।

न्यू गार्डिनर में रोज आ रहे औसतन 50 मरीज, 2 दिन पहले आई डोज खत्म न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि तीन दिनों से वैक्सीन की कमी है। अस्पताल में रोज औसतन 50 मरीज पहुंचते हैं। दो दिन पहले करीब 150 डोज की जो खेप आई थी, वह तुरंत खत्म हो गई। मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम होने के कारण मरीजों को वापस भेजना पड़ रहा है। यही स्थिति गर्दनीबाग और गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल की भी है, जहां कई दिनों से सप्लाई ठप है। इससे गरीब तबके के उन मरीजों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है, जो मुफ्त इलाज की आस में सरकारी अस्पतालों में आते हैं।

डॉक्टरों की चेतावनी : एक डोज छूटी तो पूरा शेड्यूल बिगड़ेगा चिकित्सकों के अनुसार, रेबीज शत-प्रतिशत जानलेवा बीमारी है, जिससे बचाव का एकमात्र उपाय वैक्सीन का पूरा कोर्स लेना है। 0, 3, 7 और 28वें दिन (या डॉक्टर की सलाह के अनुसार) डोज दी जाती है। अगर बीच में कोई डोज तय तारीख पर छूट जाती है तो शरीर में पर्याप्त एंटीबॉडी नहीं बन पाती और पूरा वैक्सीनेशन शेड्यूल प्रभावित हो जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि जानवर के काटने के तुरंत बाद घाव को 10-15 मिनट तक बहते पानी और साबुन से धोना चाहिए और बिना किसी देरी के टीका लगवाना चाहिए।

.