डाक विभाग और ब्लू डार्ट केबीच समझौता

तकनीक का सहज इस्तेमाल, बेहतर तालमेल और तेज डिलीवरी

देशभर में पार्सल व लॉजिस्टिक्स सेवाओं का विश्वसनीय वितरण

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 10 October 2026 01:24:50 PM

agreement between the department of posts and blue dart

नई दिल्ली। भारत में पार्सल और लॉजिस्टिक्स सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डाक विभाग और ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड ने इंडिया पोस्ट पार्सल सेवाओं केलिए समझौता किया है। समझौते पर नौ अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए थे। इस साझेदारी का उद्देश्य डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क और विश्वसनीय वितरण व्यवस्था केसाथ ब्लू डार्ट की लॉजिस्टिक्स क्षेत्रमें मजबूत मौजूदगी का लाभ उठाना है। इससे देशभर में पार्सल पहुंचाने की बेहतर, भरोसेमंद और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
ब्लू डार्ट शहरी, अर्ध शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों केसाथ-साथ दूरदराज और कम सुविधाओं वाले इलाकों में पार्सल पहुंचाने केलिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का इस्तेमाल करेगा। पार्सल डिलीवरी की व्यापक सुविधाओं में पहले से भुगतान किए गए पार्सल और डिलीवरी के समय भुगतान वाले पार्सल की सुविधा शामिल है, साथही ओटीपी के जरिए डिलीवरी की पुष्टि और पार्सल की वास्तविक समय में जानकारी भी उपलब्ध होगी। समझौते का उद्देश्य पार्सल की तेज डिलीवरी, कामकाज में बेहतर तालमेल और तकनीक के सहज इस्तेमाल के जरिए पार्सल पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाना है। इस साझेदारी से भारत में तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र के लिए लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। ब्लू डार्ट को देशभर में फैले डाक विभाग के एक लाख 64 हजार डाकघरों के व्यापक नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इससे कंपनी अपनी लॉजिस्टिक्स सेवाओं का विस्तार कर सकेगी, पार्सल पहुंचाने की गति बढ़ा सकेगी और खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में ई-कॉमर्स से जुड़ी बढ़ती जरूरतों को पूरा कर सकेगी।
डाक विभाग और ब्लू डार्ट केबीच साझेदारी से डाक विभाग को अपने डाक और पार्सल नेटवर्क के जरिए कारोबार बढ़ाने और संगठित लॉजिस्टिक्स क्षेत्र केसाथ अपनी भागीदारी मजबूत करने का अवसर मिलेगा। डाक विभाग को एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स सेवाएं देने वाली एक प्रमुख कंपनी के परिचालन अनुभव और कार्यप्रणाली से भी लाभ होगा। ज्ञातव्य हैकि डाक विभाग संचार मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है, यह देशभर में एक लाख 64 हजार से अधिक डाकघरों केसाथ दुनिया का सबसे बड़ा डाक नेटवर्क संचालित करता है। यह विभाग संचार, लॉजिस्टिक्स और वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने केसाथ भारत में ई-कॉमर्स क्षेत्र को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड पार्सल वितरण और लॉजिस्टिक्स सेवाएं देने वाली कंपनी है, इसका देशभर में व्यापक नेटवर्क है और यह ई-कॉमर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों के कारोबारों को डिलीवरी और समयबद्ध एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स सेवाएं उपलब्ध कराने का अनुभव रखती है।