News
'हमें डरा, धमका और हरा नहीं सकते', सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के बाद राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों को दिया संदेश
Published: Tue, 13 Oct 2026 02:00 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 13 Oct 2026 05:06 AM (GMT+05:30)
राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट तक INDI गठबंधन के मार्च के बाद केंद्र सरकार और RSS पर निशाना साधा, समर्थकों का धन्यवाद किया।

राहुल गांधी ने प्रदर्शनाकारियों का शुक्रिया किया अदा।
HighLights
राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट मार्च के बाद सरकार को घेरा।
उन्होंने RSS पर कायरता का आरोप लगाया, दबंग बताया।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राहुल गांधी ने सोमवार शाम को सुप्रीम कोर्ट तक INDI गठबंधन के मार्च में शामिल होने के लिए अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और आरएसएस पर निशाना साधा।
एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा, "मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो आज इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। मैं उन लाखों लोगों का भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से समर्थन दिखाया। INDI ब्लॉक के नेताओं, कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और INDI ब्लॉक के कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद। आज का दिन बहुत अहम था क्योंकि हमें सरकार को यह दिखाना था कि भारत के लोग डरने वाले नहीं हैं। आप हमें मार नहीं सकते, धमका नहीं सकते या डरा नहीं सकते। हम दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
राहुल ने आरएसएस पर साधा निशाना
आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "मैं सोच रहा था कि आरएसएस के वे कायर कहां थे जो परसों छोटे बच्चों को पीट रहे थे? वे लोग कहां थे? क्योंकि मैंने उन्हें नहीं देखा। जब हम वहां खड़े होते हैं और जब भारत के लोग वहां खड़े होते हैं तो आप बाहर क्यों नहीं आते? आप अपने छोटे स्कार्फ पहनकर बाहर क्यों नहीं आते और देखते कि क्या होता है? क्योंकि असल में आप भारत के प्रधानमंत्री की तरह ही दबंग हैं। आप डटकर खड़े नहीं हो सकते। आप लड़ने के लिए सिर्फ ताकत का इस्तेमाल कर सकते हैं।"
प्रदर्शनकारियों का किया शुक्रिया अदा
इसके बाद प्रदर्शनकारियों का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा, "जो हुआ, उसे देखकर बहुत अच्छा लगा। मुझे सभी पर गर्व है। सबने एक टीम की तरह काम किया। जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, कोई अलग-अलग या समानांतर विरोध नहीं हो रहा है। यह एक ही विरोध है और इसमें सब साथ खड़े हैं। हर एक व्यक्ति हमारे संविधान और लोकतंत्र के इन हत्यारों के खिलाफ खड़ा होगा और हम पीछे नहीं हटेंगे। बाहर आने और भारत, संविधान और हमारे लोकतंत्र के विचारों की रक्षा करने के लिए आप सभी का धन्यवाद।"
बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में INDI गठबंधन के नेताओं ने सोमवार को कथित चुनावी गड़बड़ियों और चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के विरोध में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया।
यह भी पढ़ें: केरलम विधानसभा से CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित, सीएम सतीशन ने बताया एतिहासिक