
टीम सेलेक्शन में देरी (Photo: PTI)
India Tour Of New Zealand: न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की वनडे और टेस्ट टीम के ऐलान में अभी देरी हो सकती है. इस देरी की वजह प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा की फिटनेस रिपोर्ट है, जिसका भारतीय सेलेक्टर्स इंतजार कर रहे हैं. टीम इंडिया की वनडे और टेस्ट टीम को 28 अक्टूबर को न्यूजीलैंड रवाना होना है, जिससे पहले टीम का ऐलान संभव है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी.
प्रसिद्ध कृष्णा के लिए 3 हफ्ते की समय-सीमा
प्रसिद्ध कृष्णा को 30 सितंबर को खेले वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में हैमस्ट्रिंग की शिकायत हुई थी, जिसके बाद वो वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे और उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट किया था. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक CoE यानी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा के लिए 3 हफ्ते की समय-सीमा तय की गई. जबकि उन्हें सिर्फ एहतियातन तौर पर ही CoE भेजा गया था.
हर्षित राणा के लिए 25 अक्टूबर अहम!
तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं. उनसे 25 अक्टूबर को रिटर्न-टू-प्ले मैच सिमुलेशन करवाने की उम्मीद है. मतलब उन्हें मैच वाले सिचुएशन में डालकर परखा जाएगा.
चोटिल खिलाड़ियों को क्लियरेंस देने में CoE सतर्क
ऋषभ पंत को लेकर BCCI पहले ही बता चुका है कि वो इंडिया ए के पहले दो 4 दिनी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. पंत को इरानी कप में साइड स्ट्रेन इंजरी हुई थी. CoE चोट से उबरने वाले खिलाड़ियों को क्लियर करने में ऐहतियात बरत रहा है. क्योंकि, खिलाड़ी क्लियरेंस मिलने के बाद फिर से चोटिल होते दिख रहे हैं, जिससे उस पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
TOI को BCCI के सूत्र ने बताया कि पंत और कृष्णा की चोट गंभीर नहीं है. लेकिन CoE कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. प्रसिद्ध कृष्णा वनडे और टेस्ट दोनों में पेस अटैक के मुख्य सदस्य माने जा रहे हैं. वहीं पंत 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की अहम कड़ी होंगे. इसलिए दोनों की 3 हफ्ते की डेडलाइन रिकवरी की है. सूत्र ने राणा को लेकर जानकारी दी कि सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट हर्षित राणा को वनडे और टेस्ट दोनों ही टीमों में चाहता है. राणा नंबर 8 पर बल्लेबाजी का विकल्प भी देते हैं.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More