बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर की पार्टी 'जन सुराज' का भाजपा पर बड़ा आरोप, चुनाव आयोग से की ये बड़ी शिकायतें

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रशांत किशोर के चुनाव चिन्ह 'स्कूल बस्ता' और प्रचार में बाधा डालने को लेकर पार्टी ने चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपा है।

Bankipur bypoll 2026 Jan Suraaj Party BJP election allegation

भाजपा द्वारा प्रशांत किशोर के चुनाव चिन्ह 'स्कूल बस्ता' और प्रचार में बाधा डालने को लेकर पार्टी ने चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपा है।

  • Published: 17 Jul 2026, 04:35 PM IST
  • Last Updated: 17 Jul 2026, 04:35 PM IST

Bankipur bypoll 2026: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है और निष्पक्ष चुनाव की मांग की है।

प्रशांत किशोर का चुनाव चिन्ह 'स्कूल का बस्ता'
प्रेस वार्ता के दौरान मनोज भारती ने जानकारी दी कि जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर सीट से उम्मीदवार प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग ने 'स्कूल का बस्ता' चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। उन्होंने बताया कि मतपत्र पर यह चिन्ह क्रम संख्या 9 पर मौजूद रहेगा।

बांकीपुर उपचुनाव में BJP के तानाशाही रवैये को रोकने के लिए चुनाव आयोग से मिला जन सुराज।#bankipurwithpk #prashantkishor pic.twitter.com/NXu8INjPD4

— Jan Suraaj (@jansuraajonline) July 17, 2026

भाजपा पर पोस्टर हटाने और भ्रामक प्रचार का आरोप
जन सुराज ने आरोप लगाया है कि पिछले दो दिनों में पटना के कई चौराहों पर प्रशांत किशोर के खिलाफ भ्रामक पोस्टर लगाए गए हैं, जो आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है। मनोज भारती ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता जन सुराज के उन पोस्टरों और बैनरों को जबरन हटा रहे हैं, जो लोगों की सहमति से उनके घरों पर लगाए गए थे।

उन्होंने कहा कि कई लोग खुद को नगर निगम कर्मचारी बताकर आते हैं, लेकिन पहचान पत्र मांगते ही वहां से रफूचक्कर हो जाते हैं।

जीविका दीदियों और अर्धसैनिक बलों पर सवाल
मनोज भारती ने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए भविष्य की चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में मतदान के दौरान जीविका दीदियों का बूथ के भीतर और बाहर दुरुपयोग किया गया था। पार्टी ने मांग की है कि आयोग इस बार इस पर कड़ी निगरानी रखे।

इसके साथ ही, उन्होंने अर्धसैनिक बलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि पिछली बार अर्धसैनिक बलों को बूथ के अंदर ले जाकर अन्य कार्यों में लगाया गया था, जबकि उनका कार्य केवल बूथ के बाहर सुरक्षा व्यवस्था संभालना होता है।

चुनाव आयोग से निष्पक्षता की मांग
जन सुराज ने अपने ज्ञापन के माध्यम से चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि बांकीपुर उपचुनाव में सभी चुनाव अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। पार्टी का जोर इस बात पर है कि प्रशासनिक मशीनरी और सुरक्षा बलों का इस्तेमाल नियमानुसार हो ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।