पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया है कि राज्य में बिजली की कोई किल्लत नहीं होने दी जाएगी। नई दिल्ली में केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ हुई अहम बैठक के बाद केंद्र सरकार ने पंजाब को बिजली और कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित

.

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि देश के अन्न भंडार में पंजाब का योगदान लगातार जारी रखने के लिए विश्वसनीय और निरंतर बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है।

180 एलएमटी चावल का होगा योगदान

मुख्यमंत्री मान ने बैठक के मुख्य बिंदुओं को साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष पंजाब केंद्रीय पूल में 180 लाख मीट्रिक टन चावल का योगदान देगा। इतनी भारी मात्रा में खाद्यान्न के उत्पादन और प्रोसेसिंग के लिए राज्य में कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों को बिना किसी रुकावट के बिजली मिलना अनिवार्य है। केंद्रीय मंत्री ने पंजाब की लगभग सभी मांगें स्वीकार करते हुए बिजली-कोयला आपूर्ति का आश्वासन दिया है।

कोयला आपूर्ति के लिए झारखंड सरकार और कोल इंडिया से संपर्क

पीएसपीसीएल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सीएम मान ने कहा कि पछवाड़ा कोयला खदानों से कोयले की निर्बाध आपूर्ति के लिए राज्य सरकार कोल इंडिया और झारखंड सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि थर्मल प्लांटों में कोयले की कोई कमी न आए और बिजली का उत्पादन सुचारू रूप से चलता रहे।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को रणजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध परियोजनाओं का दौरा करने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि बांध का निर्माण पूरा होने के बावजूद राष्ट्रीय हरित अधिकरण की ओर से बार-बार नोटिस मिलने से अनावश्यक परेशानियां खड़ी होती हैं।

जलविद्युत उत्पादन में देश का लगभग 40% योगदान देने वाले पंजाब के लिए इन जल परियोजनाओं का सुचारू संचालन बेहद अहम है।

विपक्ष पर साधा निशाना, बरगाड़ी और बहिबल कलां मामलों पर अपडेट

बरगाड़ी और बहिबल कलां बेअदबी की घटनाओं से जुड़े सवालों के जवाब में सीएम मान ने पिछली सरकारों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों और इसके बाद आई कांग्रेस सरकार ने इन मामलों को इतना कमजोर कर दिया था कि अब इन्हें नए सिरे से तैयार करना पड़ रहा है।

आने वाले दिनों में नए गवाहों और मजबूत रणनीति के साथ अदालत में चालान पेश किए जाएंगे, ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके।

विदेश यात्रा की अनुमति पर उठाए सवाल

पेरिस में होने वाले फूड फेस्टिवल और जापान में हॉकी मैच के न्योते के बावजूद विदेश यात्रा की अनुमति न मिलने पर सीएम ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अक्सर ऐसे देशों की यात्रा करते हैं जिनके नाम लोगों ने सुने भी नहीं होंगे, लेकिन पंजाब के हितों, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए की जाने वाली यात्राओं की अनुमति रोकी जा रही है। उन्होंने कहा कि वे अदालत की शरण में गए हैं और उम्मीद है कि जल्द न्याय मिलेगा।

मानसा की घटना पर सख्त चेतावनी

मानसा में हुई दुखद घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साजिश में शामिल हर शख्स को कानून के कटघरे में लाया जाएगा। साथ ही, उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ दल इस त्रासदी पर भी शवों की राजनीति कर रहे हैं।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।