Rekha Arya Husband FIR Case: देहरादून: उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मंत्री ने पति पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को फेसबुक पर एक वीडियो साझा कर अपनी बात रखने के कुछ घंटे बाद रेखा आर्य को देहरादून के कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी जांच की जा रही थी।
सबसे तेज ख़बरें पाने के लिए Follow करें IBC24 News का व्हाट्सएप्प चैनल
पति पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
रेखा आर्य की शिकायत के मुताबिक उन्हें एक ऑडियो मिला जिसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से उनकी हत्या की साजिश के बारे में बात कर रहे हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके नाबालिग बच्चों को लगातार जान का खतरा है। रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में कहा कि पति ने उनके सरकारी आवास पर कर्मचारियों के सामने जातिसूचक गालियां दीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति ने कुछ कंपनियों में निदेशक के पद से उन्हें हटाने के लिए उनके हस्ताक्षर की नकल कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। मंत्री का कहना है कि उन्होंने न तो ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए और न ही इस्तीफा दिया।
देहरादून के कैंट थाना में दर्ज FIR में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी, द्विविवाह, पति द्वारा क्रूरता, चोट पहुंचाने, अपमान और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
शादी के समय पहले से विवाहित होने की जानकारी छिपाने का आरोप
Rekha Arya Husband FIR Case: रेखा आर्य ने शिकायत में बताया कि उनकी शादी 6 जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से गिरधारी लाल साहू से हुई थी। उनके मुताबिक, शादी के समय साहू ने खुद को अविवाहित बताया था। हालांकि, कुछ साल बाद उन्हें पता चला कि पति पहले से शादीशुदा थे और पहली शादी से उनके बच्चे भी हैं।
मंत्री ने कहा कि उस समय उनके अपने बच्चे भी हो चुके थे। परिवार की सलाह और बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने इस मामले पर चुप रहना उचित समझा। शिकायत के अनुसार, हाल के दिनों में पति का व्यवहार बदल गया और उन्हें दूसरी महिलाओं के साथ संबंधों की जानकारी मिली। रेखा आर्य का आरोप है कि जब उन्होंने इन संबंधों का विरोध किया, तो पति ने शुरुआत में गलती स्वीकार करते हुए लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी, लेकिन बाद में उनका व्यवहार नहीं बदला। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
ताजा वीडियो और न्यूज़ के लिए Follow करें IBC24 का Instagram पेज
वीडियो में बोलीं मंत्री- महिलाओं को अत्याचार सहकर चुप नहीं रहना चाहिए
फेसबुक पर साझा किए गए वीडियो में रेखा आर्य ने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद वह भीतर तक हिल गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सच्चाई और ईमानदारी से जीवन जीने का यही परिणाम मिलता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला लेना पड़ा। मंत्री ने यह भी कहा कि महिला सामान्य हो या किसी बड़े पद पर हो, उसे घरेलू अत्याचार सहकर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी बात सामने रखनी चाहिए। रेखा आर्य ने कहा कि वह संविधान को साक्षी मानकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रही हैं और आगे भी करती रहेंगी। उन्होंने अपने मायके पक्ष के समर्थन का भी जिक्र किया।
उत्तराखंड सरकार की महिला मंत्री रेखा आर्य फफक फफक कर रोईं, अपनी घरेलू पीड़ा और सांसारिक जीवन का दर्द बताने के लिए ऐसी वीडियो जारी की जो आम महिला भी करने की हिम्मत नहीं करती।
मंत्री होते हुए भी ये सब करना पड़ा ! आखिर पति गिरधारी लाल साहू ने ऐसा क्या किया जो मंत्री के आँसू नहीं थम रहे हैं।
@rekhaaryaoffice @BJP4India @INCIndia @pushkardhami @PMOIndia @RahulGandhi— Ajit Singh Rathi (@AjitSinghRathi) October 15, 2026
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से हॉस्पिटल में मुलाक़ात करने के बाद एसएसपी डोबाल ने जानकारी दी की अभी कैबिनेट मंत्री का स्वास्थ ठीक है। डॉक्टर्स ने बताया कि जब उनको हॉस्पिटल में लाया गया था तब उनका बीपी हाई था अभी डॉक्टर की देख रेख में उनका इलाज चल रहा है।
रेखा आर्य के साथ हुए घटना क्रम और दी गई तहरीर पर एसएसपी ने कहा की मामला बेहद गंभीर है। थाना कैंट में कैबिनेट मंत्री रेखा की और से इस घटनाक्रम से संबंधित सम्बन्धित तहरीर दी गई है घटना से सम्बन्धित सभी साक्ष्य जुटाकर इस मामले की जांच की जाएगी ।
— Bhupi Panwar (@askbhupi) October 15, 2026
कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब
Rekha Arya Husband FIR Case: इस मामले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार की आलोचना की है। पार्टी की प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने इसे सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सवाल किया कि मंत्री की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए हैं और शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच, ऑडियो की फॉरेंसिक जांच और आरोप साबित होने पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रेखा आर्य अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और पुष्कर सिंह धामी सरकार में मंत्री हैं। उनके पति गिरधारी लाल साहू, जिन्हें पप्पू गिरधारी के नाम से भी जाना जाता है, उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के जोगी नवादा के निवासी बताए गए हैं।
इन्हें भी पढ़ें:
छत्तीसगढ़ में दिवाली से पहले खुला नौकरियों का पिटारा, 426 पदों पर आज होगी भर्ती, 30 हजार रुपए मिलेगी
दिल्ली में CJP के तिरंगा मार्च को लेकर जारी हुई ट्रैफिक एडवाइजरी, देख लें कहां-कहां लग सकता है जाम
पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामले में आंध्र प्रदेश पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया
कॉजपा को आजाद मैदान में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली आयोजित करने की अनुमति मिली
यमन के अदन में सरकारी महल के पास कम से कम छह धमाके, प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी