MP Congress MLA Bheru Singh Parihar Video Viral: मध्यप्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। इसका अंदाता आए दिन कांग्रेस के नेताओं और विधायकों के पार्टी विरोधी बयानों से लग रहा है। इसी क्रम में अब सुसनेर से कांग्रेस विधायक भेरू सिंह परिहार 'बापू' ने पार्टी के खिलाफ विवादित बयान जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि भोपाल में बैठने वाले नेता ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने दे रहे हैं। उन्होंने पीसीसी चीफ पर निशाना साधते हुए कहा, पहले जीतू पटवारी अपना घर ठीक कर लें। कांग्रेस विधायक के बयान पर अब बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने चुटकी ली है और X पर पोस्ट में लिखा- जो (कांग्रेस) अपनी पार्टी नहीं संभाल पा रहे, वे प्रदेश क्या संभालेंगे?

अजय सिंह गद्दारों को लेकर मीटिंग करने क्यों पहुंचे ?

आइए पहले जान लेते हैं, कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार "बापू" ने पार्टी और पीसीसी चीफ को लेकर क्या कहा?

बापू ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश संगठन को मजबूत करने के लिए आदरणीय राहुल भैया (अजय सिंह) आज सुसनेर के अंदर आए थे, मां के दर्शन भी किए। उनका स्वागत,वंदन, अभिनंदन। एक सिटिंग एमएलए को खबर नहीं है कि यहां पर राहुल भैया आ रहे हैं और ब्लॉक कार्यकारिणी की मीटिंग ले रहे हैं? नगर कार्यकारिणी की मीटिंग ले रहे हैं। आपने देखा होगा कि यहां जो पोस्टर लगे हैं, उस पोस्टर से भी एमएलए गायब। इसका मतलब क्या है ? जब मैंने राहुल भैया को फोन करके पूछा- आप पधार रहे हैं... भोजन, चाय-नाश्ते की व्यवस्था करूं। तो भैया ने कहा कि विधायक तुझसे बात नहीं करना है। विधायक से बात नहीं करना है और विधायक की विधानसभा के भीतर ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक ले रहे हैं और आगर (आगर मालवा) से फौज भरकर लेकर आए हैं। उन लोगों को गाड़ी में बिठाकर ला रहे हैं, जिन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ काम किया। उन गद्दारों को साथ लेकर आए हैं। तो हमारे कार्यकर्ताओं को गुस्सा आना वाजिब हैं।

अजय सिंह 'राहुल भैया' तोड़ने आए हैं ?

राहुल भैया से भी कह चुका हूं कि आप कांग्रेस को मजबूत करने आए हैं या तोड़ने आए हैं? इतने सीनियर लीडर हैं और वो, मुझसे ही कह रहे हैं कि विधायक से बात नहीं करूंगा।
बापू ने कहा कि राहुल भैया को अधिकार राहुल गांधी ने दिया या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दिया कि विधायक को अलग कर ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक करें?

भोपाल में बैठे नेता ही नहीं बनने दे रहे कांग्रेस सरकार

यह क्या है? आज मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की तरफ देख रही है। भाजपा से प्रताड़ित हो चुकी है। लेकिन कांग्रेस के हाईकमान... मैं तो कहता हूं भोपाल में कांग्रेस के जितने भी नेता बैठे हैं, वो ही सरकार नहीं बनने दे रहे हैं। जनता तो चाहती है कांग्रेस सरकार बने। युवाओं का भला हो। युवाओं को रोजगार मिले। बुजूर्गों का भला हो। पांच साल से पेंशन नहीं दे पा रही है भाजपा सरकार।

राम मंदिर को खा गए ये

कांग्रेस विधायक ने कहा कि राम मंदिर को खा गए ये... आज इतना विरोध है, फिर भी कांग्रेस की अंतर्कलह के कारण ये स्थिति आई है। आज जीतू पटवारी रात-दिन भाग रहा है। क्या होगा भाई भागने से !
बापू ने कहा कि आप कितनी भी कोशिश कर लें, अब चुनाव (विधानसभा) को दो साल रह गए हैं।

कांग्रेस नेता भाजपा के एजेंट बन गए ?

मैं उनसे कहना चाह रहा हूं कि पहले वो अपना घर प्रदेश के अंदर संभालें। आपको बूरा लगा हो तो... हमें माफ करें, हमें भेज दें कि आप अपने घर जाएं। इस तरीके से सरकार नहीं बनने वाली है। आपके नेता लोग इस तरह से मीटिंग करते हैं, मैं उनका घोर विरोध करता हूं।

विधायक ने कहा कि पूरे प्रदेश के अंदर इस तरह की मीटिंग हो रही हैं। क्या कांग्रेस के नेता भाजपा का एजेंट बनकर मीटिंग कर रहे हैं। क्यों हम लोगों का खून चूस रहे हो।

25 साल में कांग्रेस कार्यकर्ता टूट गया

कांग्रेस के जितने भी नेता (सीनियर) हैं उन्होंने सरकार का लाभ उठाया है, उनको फर्क नहीं पड़ रहा है। फर्क पड़ रहा है तो कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं को। 25 साल हो गए हैं... इन 25 साल में भारतीय जनता पार्टी से लड़-लड़ के कांग्रेस का कार्यर्ता टूट चुका है। कहां तक वो कार्यकर्ता खड़ा रहेगा ?  कई कार्यकर्ताओं को बहुत प्रताड़ित करती है भारतीय जनता पार्टी। वो सोचता है, आसा करता है...2023 में सरकार आएगी ! 2028 में आएगी (कांग्रेस की सरकार बनने से आशय है)।

कैसे बनेगी कांग्रेस की सरकार ?

बापू ने कहा कि कैसे बनेगी कांग्रेस की सरकार ? तुम लोग तो ही पार्टी को खत्म कर रहे हो और दोष देते हो नीचे के नेताओं को।
कांग्रेस विधायक बापू ने कहा कि मैं घोर निंदा करता हूं ऐसे नेताओं की। और आइंदा से ऐसा हुआ तो मैं खुद विचार करुंगा। मैंने एक-एक शब्द सच बोला है। पार्टी जो भी आदेश देगी, वह मैं करुंगा। वरना मैं खुद अपने कार्यकर्ताओं के साथ विचार करुंगा, हमको क्या करना चाहिए। हम पार्टी छोड़कर अपने घर बैठेंगे। ये नेता लोग कभी अपना (हमारा)  भला नहीं कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, हम क्यों भाजपा से लड़ें ? यही मेरा निवेदन था। यह पूरी बात सुसनेर से कांग्रेस विधायक भेरू सिंह परिहार 'बापू' ने अपने करीब कई दर्जन समर्थकों के साथ कही।

यह भी पढ़ें:MP-CG के पेंशनर्स के लिए खुशखबरी: अब महंगाई राहत के लिए नहीं करना होगा लंबा इंतजार, मप्र-छग सरकारों की सहमति की अनिवार्यता खत्म

बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेरा

सुसनेर से कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार "बापू" ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खुला मोर्चा खोलते हुए कांग्रेस छोड़ने तक की बात कह दी।

जिस पार्टी के विधायक ही अपने नेतृत्व पर भरोसा न करें, वह जनता का भरोसा कैसे जीत पाएगी?

सत्ता की लालसा और गुटबाज़ी ने कांग्रेस को अंदर से खोखला कर… pic.twitter.com/Fj85IQGmOQ

— Ashish Usha Agarwal आशीष ऊषा अग्रवाल (@Ashish_HG) July 17, 2026

विधायक के इस बयान पर बीजेपी ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि सुसनेर से कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार "बापू" ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खुला मोर्चा खोलते हुए कांग्रेस छोड़ने तक की बात कह दी।
जिस पार्टी के विधायक ही अपने नेतृत्व पर भरोसा न करें, वह जनता का भरोसा कैसे जीत पाएगी? 

सत्ता की लालसा और गुटबाज़ी ने कांग्रेस को अंदर से खोखला कर दिया है।

संदेश स्पष्ट है दतिया में कमल खिलेगा और कांग्रेस का सफाया होगा। जो अपनी पार्टी नहीं संभाल पा रहे, वे प्रदेश क्या संभालेंगे?

यह भी पढ़ें: UCC पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान: कहा- अब जो एक शादी करेगा, वही मध्यप्रदेश में रहेगा...