Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी से दर्दनाक और अजीब सी घटना सामने आई है. यहां रामपुर रोड स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार को 32 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला. मृतक युवक हल्द्वानी के वार्ड नंबर- 14 का निवासी था. ट्रांसपोर्ट नगर में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था. वो अपनी शादीशुदा महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कमरे में मौजूद महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस की शुरुआती जांच में मौत की संभावित वजहों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक ने होटल के कमरे में अपनी महिला मित्र के साथ बियर पी थी और पावर बढ़ाने की दवाइयां भी ली थीं. आशंका जताई जा रही है कि शराब और इन दवाइयों के अत्यधिक या प्रतिकूल प्रभाव (रिएक्शन) के कारण युवक की तबीयत अचानक बिगड़ी, जिससे उसकी जान चली गई. एसपी सिटी के अनुसार, मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाकर विसरा सुरक्षित रख लिया गया है.
दिल्ली से आई थी महिला मित्र, दोनों थे शादीशुदा
पुलिस पूछताछ में दोनों के बीच पुराने संबंधों और पारिवारिक विवाद का खुलासा हुआ है. महिला मित्र मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि दोनों की पुरानी जान-पहचान थी और वो दो दिन पहले ही उससे मिलने हल्द्वानी आई थी. मृतक के तीन बच्चे हैं, जबकि महिला के दो बच्चे हैं. दोनों शादीशुदा थे. परिजनों को इस अनैतिक संबंध की जानकारी थी, जिसको लेकर मृतक के घर में पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था.
ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ के होटल ताज में रायपुर के कारोबारी की मौत, कमरे में साथ कौन थी लड़की क्या-क्या मिला?
SP सिटी हरबंस सिंह का बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सरगम सिनेमा के पास स्थित होटल पहुंची. पुलिस ने बिस्तर पर अचेत पड़े युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एसपी सिटी ने बताया- फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है. पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

तन्वी गुप्ता
तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.
Read More