Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना से पति की बेरहमी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव में एक पति ने सरेआम अपनी पत्नी के साथ मारपीट की. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पहले पत्नी को थप्पड़ मारता है, फिर उसके बाल पकड़कर सड़क पर पटक देता है और लातों से पीटने लगता है.

महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घरों से बाहर निकले और बीच-बचाव कर उसे बचाया. पीड़िता ने पुलिस चौकी में शिकायत देकर सीसीटीवी फुटेज सौंपा है. महिला का आरोप है कि पति पहले थार गाड़ी और अब महंगी बाइक की मांग को लेकर उसे परेशान कर रहा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

लुधियाना के जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव में हुई इस घटना ने घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने ला दिया है. सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर आरोपी पति पत्नी को थप्पड़ मारते, बालों से पकड़कर सड़क पर गिराते और लातों से हमला करते दिखाई दे रहा है. सड़क पर महिला के साथ हो रही मारपीट और उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर महिला को बचाया और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी.

थार के बाद बाइक मांगने का आरोप

पीड़िता की पहचान ट्विंकल के रूप में हुई है, जो अपना सैलून चलाती है. उसके पति रितीश शर्मा के मेडिकल क्षेत्र में काम करने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात ट्विंकल के पहले तलाक के मामले के दौरान हुई थी. दोस्ती के बाद दोनों ने पिछले साल नवंबर में शादी कर ली और जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव में रहने लगे.

ट्विंकल का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद ही रितीश ने थार गाड़ी की मांग शुरू कर दी. इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा. मामला बढ़ने पर एक बिचौलिए के जरिए समझौता भी कराया गया, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति शांत रही.

विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों के पास पहुंची महिला

आरोप है कि थार की मांग के बाद कुछ महीने बीतने पर रितीश ने महंगी बाइक की मांग शुरू कर दी. घटना वाले दिन बाइक को लेकर विवाद बढ़ने पर ट्विंकल खुद को बचाने के लिए पड़ोसियों के पास चली गई. लेकिन आरोप के मुताबिक, उसका पति वहां भी पहुंच गया और उसके साथ मारपीट करने लगा. सड़क पर हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

पुलिस को सौंपी शिकायत और फुटेज

पीड़िता ने जगतपुरी चौकी पुलिस को शिकायत देकर घटना की जानकारी दी है और सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी. शादी जैसे रिश्ते में भरोसे और सुरक्षा की उम्मीद की जाती है, लेकिन लुधियाना की इस घटना ने घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button