नई दिल्ली: Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज सपाट शुरुआत होने की संभावना है। सुबह 7:30 बजे गिफ्ट निफ्टी 0.04 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 22,599.50 पर कारोबार कर रहा था। इससे बाजार में बड़े उतार-चढ़ाव के बिना शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। तकनीकी विश्लेषकों के मुताबिक, निफ्टी के लिए 22,850 का स्तर अहम रेजिस्टेंस है। वहीं, पिछले सप्ताह का 23,175 का उच्चतम स्तर भी बाजार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट
पिछले सप्ताह करीब छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली। अमेरिकी क्रूड फ्यूचर्स 1.60 डॉलर यानी 1.55 फीसदी गिरकर 101.67 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, ब्रेंट क्रूड 1.56 डॉलर यानी 1.34 फीसदी की गिरावट के साथ 115.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, सऊदी अरब पर लगातार हो रहे हमलों के कारण तेल की सप्लाई को लेकर चिंताअभी भी बरकरार है।
आज इन कंपनियों के तिमाही नतीजों पर नजर
आज कई प्रमुख कंपनियां अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी। इनमें पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस, मैनकाइंड फार्मा, नजारा टेक्नोलॉजीज, एथर एनर्जी, आरईसी, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, आईटीसी होटल्स, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और इंडियन ओवरसीज बैंक शामिल हैं। इनके नतीजों से संबंधित शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। निवेशकों की नजर कंपनियों के मुनाफे, आय और भविष्य के कारोबारी प्रदर्शन पर रहेगी।
टाटा मोटर्स, इंफोसिस और बैंकों के नतीजे
टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल कारोबार ने 1,257 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जबकि पहले 867 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इंफोसिस का मुनाफा 6.2 फीसदी बढ़कर 7,823 करोड़ रुपये पहुंच गया। इंडसइंड बैंक ने 1,176.1 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। बैंक ऑफ इंडिया का मुनाफा 25.4 फीसदी बढ़कर 3,202.4 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफा 29.5 फीसदी बढ़कर 4,212 करोड़ रुपये हो गया।
ल्यूपिन, KEC और अन्य शेयरों में हलचल संभव
ल्यूपिन की गोवा स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के निरीक्षण के बाद अमेरिकी FDA ने एक ऑब्जर्वेशन के साथ फॉर्म 483 जारी किया है। दूसरी ओर, KEC इंटरनेशनल को पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन से 2,872 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का मुनाफा 6 फीसदी घटा, जबकि डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज का मुनाफा 36 फीसदी गिरकर 913.4 करोड़ रुपये रहा। इन खबरों के चलते संबंधित शेयरों पर निवेशकों की नजर बनी रह सकती है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।
इन्हें भी पढ़ें:
- महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सीएम योगी ने लिखी पाती, युवाओं से की खास अपील, कहा- श्रीराम के आदर्श अपनाएं
- मानहानि केस में आज अदालत में पेश होंगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कोर्ट सुनाएगी फैसला, अमित शाह से जुड़ा है मामला
- मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार की बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, मां-बेटे समेत सभी की मौत