Mansa News: पंजाब के मानसा जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. युवक के परिजन और ग्रामीण शव लेकर मानसा के त्रिकोणी चौक पर एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के समर्थन में चल रहे धरने में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने सड़क पर गाड़ियां और ट्रक खड़े करके उन्हें रोक लिया. इस पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई. बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया. इस दौरान कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया. वहीं, पुलिस ने धरने से अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के नेता लक्खा सिंह सिधाणा और भाना सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया.
गांव के पास मिला युवक का शव
मामला जिले के गांव भम्मे कलां का है. मंगलवार को दलजीत सिंह (32) का शव गांव के पास खेतों में मिला. परिजनों के मुताबिक, कुछ अज्ञात युवक उसे एक गाड़ी में लेकर आए थे और गांव के पास छोड़कर चले गए. परिवार को शक है कि दलजीत की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है. परिजनों का आरोप है कि इलाके में नशे की बिक्री के कारण युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही है. उन्होंने नशा बेचने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है. परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- गुरदासपुर में पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से नशा तस्करों का हमला 2 कमांडो गंभीर घायल
शव लेकर धरने में जा रहे थे परिजन
दलजीत की मौत के बाद परिवार और ग्रामीणों ने शव को सरसा-मानसा रोड पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसके बाद वे शव को लेकर त्रिकोणी चौक पर चल रहे परविंदर झोटा के समर्थन वाले धरने में जाने लगे. पुलिस ने रास्ते में वाहनों को खड़ा करके उन्हें रोक दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कार्रवाई की और शव को अपने कब्जे में ले लिया. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिसकर्मी घसीटकर ले जाते हुए भी दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने धरने से लक्खा सिंह सिधाणा और भाना सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया.
2 बच्चों का पिता था दलजीत
परिजनों ने बताया कि दलजीत सिंह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं. वह परिवार में अकेला कमाने वाला था. दलजीत पिछले कुछ समय से नशे का आदी हो गया था. मंगलवार सुबह वह मानसा गया था. वहां से नशा खरीदकर लौटने के बाद उसकी मौत हो गई. दलजीत की पत्नी परमजीत कौर और मां चंद्र कौर ने नशा बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
मानसा SSP ने क्या कहा?
मानसा SSP वैभव चौधरी ने कहा कि अभी तक परिवार की ओर से कोई बयान दर्ज नहीं कराया गया है. युवक की मौत को नशे की ओवरडोज या हत्या का मामला नहीं कहा जा सकता. डॉक्टरों की ओर से भी नशे की ओवरडोज की पुष्टि नहीं की गई है. SSP के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
(रिपोर्ट- भूपिंदर सिंह/मानसा)

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More