Ranbir Kapoor Touches Sunny Deol Feet: नई दिल्ली के भारत मंडपम में बीते दिन रामायण (Ramayana) फिल्म का भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट आयोजित किया. इस इवेंट का नाम 'रामायण: प्रथम संकल्प' था.  यह इवेंट सिर्फ फिल्म के भव्य ट्रेलर लॉन्च की वजह से चर्चा में नहीं है बल्कि रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) के एक खास जेस्चर की वजह से भी चर्चा में आ गया. दरअसल, रणबीर कपूर ने इवेंट में पहुंचते ही सनी देओल के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. इसके बाद तुरंत सनी देओल ने उन्हें गले लगा लिया और प्यार लुटाया. दोनों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जहां फैंस रणबीर के संस्कारों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर का यह जेस्चर लोगों का दिल जीतने वाला है.

भारत मंडपम में हुआ 'रामायण' का ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च

शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिल्म 'रामायण: प्रथम संकल्प' का स्पेशल इवेंट आयोजित किया गया. इस मौके पर डायरेक्टर नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही. इसके अलावा इवेंट यह भी घोषणा की गई कि फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा. इवेंट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, शोभना, अजिंक्य देव और कुणाल कपूर समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स नजर आए. इसके अलावा बाबा रामदेव और कवि कुमार विश्वास भी इस खास पल का हिस्सा बने.

रणबीर कपूर ने सनी देओल के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

इवेंट का दिल जीतने वाला पल तब सामने आया, जब सनी देओल मंच पर पहुंचे. इस दौरान रणबीर कपूर ने बिना किसी झिझक सनी देओल के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. सनी देओल ने भी उन्हें गले लगाकर अपना प्यार जताया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गया. फैंस ने रणबीर के इस जेस्चर को भारतीय संस्कृति और बड़ों के सम्मान प्रति उनके सम्मान के लिए तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने लिखा कि स्टारडम के बावजूद रणबीर बहुत विनम्र नेचर के इंसान हैं. 

कुमार विश्वास के भी छुए पैर

रणबीर कपूर ने सिर्फ सनी देओल ही नहीं बल्कि कुमार विश्वास के भी पैर छुए. मंच पर पहुंचते ही उन्होंने पहले हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया और फिर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. लोगों का कहना है कि रणबीर का यह जेस्चर उनके संस्कारों को दिखाता है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे छोटे-छोटे जेस्चर ही किसी कलाकार की असली पहचान बनाते हैं.

ये भी पढ़ें:कार्तिक से लेकर यामी तक सेलेब्स ने जीता नेशनल अवॉर्ड, रणवीर सिंह की 'धुरंधर' क्यों नहीं बना पाई विनर्स की लिस्ट में जगह?

हनुमान का किरदार निभाने को लेकर क्या बोले सनी देओल?

रामायण के भव्य ट्रेलर इवेंट लॉन्च में सनी देओल अपने हनुमान के किरदार को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें भगवान हनुमान का किरदार निभाने का मौका मिला. उन्होंने बताया कि यह किरदार निभाना उनके लिए आसान नहीं है, लेकिन वह पूरी ईमानदारी से इसे निभाने की कोशिश करेंगे. उनके मुताबिक, हनुमान जी मासूम, नटखट, पावरफुल और भगवान राम के सबसे बड़े भक्त हैं, इसलिए इस किरदार को निभाना उनके लिए बहुत रिस्पेक्ट की बात है. 

दो पार्ट में रिलीज होगी रामायण फिल्म

'रामायण' इंडियन सिनेमा की मोस्ट अवेटेड फिल्म है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की किदार में दिखाई देंगे. वहीं, मशहूर टीवी 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल फिल्म राजा दशरथ का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे. वहीं, फिल्म डायरेक्शन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जिन्होंने 'दंगल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाई थी और नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, ऑस्कर विजेता DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है. ऐसे में यह फिल्म इंडियन सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म है. फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा.