रोहतक के मोखरा में युवक ने फंदे पर लटककर दी जान : दो दिन पहले गांव के युवकों से हुआ था विवाद, पिता बोले- दबंगों ने मजबूर किया

पीड़ित पिता ने कथित समझौता कराने वाले पुलिसकर्मी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

 youth suicide

मोखरा में युवक के सुसाइड के बाद ग्रामीणों से बात करती पुलिस और बड़े बुजुर्ग।

  • Published: 19 Jul 2026, 05:58 PM IST
  • Last Updated: 19 Jul 2026, 05:59 PM IST

हरियाणा के रोहतक जिले के महम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मोखरा में 31 वर्षीय युवक ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की भनक लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम फोरेंसिक (FSL) के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लिया।

दो दिन पहले गांव के लड़कों से हुआ था विवाद
मृतक की शिनाख्त 31 वर्षीय सुरेश पुत्र वजीर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महज दो दिन पहले गांव के ही कुछ युवकों के साथ सुरेश का किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया था।

यह मामला इतना बढ़ गया था कि इसकी शिकायत पुलिस थाने तक पहुंच गई थी। उस दौरान एक पुलिसकर्मी ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करते हुए समझौता भी करवा दिया था, लेकिन विवाद यहीं शांत नहीं हुआ।

समझौते के बाद भी बनाया जा रहा था दबाव
मृतक के पिता वजीर ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिसिया समझौते के बावजूद आरोपी पक्ष लगातार सुरेश पर मानसिक दबाव बना रहा था और उसे धमका रहा था। आरोपियों की इस रोज-रोज की प्रताड़ना और दबाव को सुरेश बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने खौफनाक कदम उठाते हुए मौत को गले लगा लिया। पिता का साफ तौर पर कहना है कि उनके बेटे को आत्महत्या के लिए पूरी तरह विवश किया गया है।

पुलिसकर्मी और आरोपियों पर सख्त एक्शन की मांग
पीड़ित पिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि सुरेश को मौत के मुंह में धकेलने वाले आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी (SC-ST Act) कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने उस पुलिसकर्मी पर भी केस दर्ज करने की मांग उठाई है जिसने इस मामले में दबाव बनाकर कथित रूप से समझौता कराया था।

परिजनों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही 
घटना की गंभीरता को देखते हुए बहुअकबरपुर थाना प्रभारी (SHO) जसवीर सिंह ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्टिव हुई।

मौके पर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।