देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है. कंपनी ने घोषणा की है कि अगस्त 2026 से उसकी कारों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी. नई कीमतें अगले महीने से लागू हो जाएंगी. कंपनी का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और उत्पादन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लेना पड़ा है. हालांकि कंपनी ने यह भी कहा कि उसने पिछले कई महीनों से लागत कम करने के लिए कई कदम उठाए, लेकिन बढ़ते खर्च के दबाव के कारण अब कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया.

मारुति सुजुकी के मुताबिक, उसने उत्पादन लागत को कम करने के लिए कई उपाय किए ताकि ग्राहकों पर कम से कम बोझ पड़े. लेकिन स्टील, एल्यूमीनियम, कीमती धातुओं, अन्य कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल खर्च में लगातार बढ़ोतरी होने से कंपनी के लिए पुराने दामों पर कारें बेचना मुश्किल हो गया.

हर मॉडल पर अलग बढ़ोतरी

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी मॉडल्स की कीमत एक समान नहीं बढ़ेगी. अलग-अलग कारों और वेरिएंट के अनुसार कीमत में बढ़ोतरी होगी. यानी कुछ मॉडल्स पर कम और कुछ पर ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. हालांकि, अधिकतम कीमत 30,000 रुपये तक बढ़ाई जाएगी. यह साल 2026 में मारुति सुजुकी की ओर से की गई नई कीमत बढ़ोतरी है. इससे पहले भी कंपनी ने संकेत दिए थे कि अगर कच्चे माल की कीमतें बढ़ती रहीं तो कारों के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं.

लागत कम करने की कोशिश

मई 2026 में भी कंपनी ने कहा था कि वह लागत कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. वहीं फरवरी 2026 में मारुति ने बताया था कि सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं सहित कई जरूरी कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में कंपनी कीमतों में एक और बढ़ोतरी पर विचार कर रही थी. शेयर बाजार में भी इस खबर का असर देखने को मिला. मंगलवार दोपहर करीब 3:29 बजे BSE पर मारुति का शेयर 122.55 रुपये की तेजी के साथ 13,630 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया.

इन मॉडलों पर होगा असर

अगर आप आने वाले समय में मारुति सुजुकी की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अगस्त से पहले बुकिंग करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि नई कीमतें लागू होने के बाद आपको उसी मॉडल के लिए पहले की तुलना में ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है. मारुति सुजुकी भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है और उसकी Alto K10, WagonR, Swift, Baleno, Brezza, Fronx, Dzire, Ertiga और Grand Vitara जैसी कारों की देशभर में अच्छी मांग है. ऐसे में कीमत बढ़ने का असर बड़ी संख्या में ग्राहकों पर पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें- क्या E20 पेट्रोल से खराब होती है गाड़ी? सरकार ने संसद में दिया बड़ा बयान

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More

google button